पटना, 23 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच बिहार के लिए समय निकाला, इसके लिए हम बिहारवासियों की तरफ से आभार व्यक्त करते हैं। प्रधानमंत्री के आगमन से एनडीए के कार्यकर्ता का हौसला बुलंदियों पर है। वे एकजुटता के साथ एनडीए के प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करवाने में जुटे हैं। हर तरफ एनडीए के पक्ष में लहर है। उन्होंने कहा कि बिहार के प्रति पीएम मोदी का विशेष लगाव रहा है और वे चाहते हैं कि बिहार निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने सौगात के रूप में बिहार को कई बड़ी योजनाएं दी हैं। इन योजनाओं से बिहार निश्चित रूप से आत्मनिर्भरता की राह पर तेजी से आगे बढ़ेगा। पीएम ने एक बार फिर बिहार को सम्मान देते हुए कहा कि देश के विकास के लिए और आत्मनिर्भरता के लिए जरूरी है कि बिहार विकास के राह पर आगे बढ़े और आत्मनिर्भर बने। डॉ. जायसवाल ने विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी दलों के पास न विकास का कोई नजरिया है और न ही इच्छाशक्ति। विपक्ष सिर्फ जनता को भ्रमित करने में जुटा है। विपक्षी दल चाहते हैं कि बिहार के लोगों को भ्रमित कर एक बार फिर से सत्ता प्राप्त कर लें। फिर से बिहार को लालटेन युग में धकेल दें। लेकिन, ऐसा कतई नहीं हो सकता क्योंकि बिहार की जनता एक बार धोखा खा चुकी है। बिहार के लोग विपक्षी दलों के इरादे को अच्छी तरह वाकिफ हैं। हर तरफ एनडीए के पक्ष में लहर है। हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/विभाकर-hindusthansamachar.in