नगर निगम में व्याप्त कुव्यवस्था पर विधायक ने उठाए बड़े सवाल
नगर निगम में व्याप्त कुव्यवस्था पर विधायक ने उठाए बड़े सवाल 
बिहार

नगर निगम में व्याप्त कुव्यवस्था पर विधायक ने उठाए बड़े सवाल

Raftaar Desk - P2

बेगूसराय, 24 सितम्बर (हि.स.)। बेगूसराय नगर निगम क्षेत्र में व्याप्त कुव्यवस्था को लेकर नगर विधायक और बिहार प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष अमिता भूषण ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर समस्याओं का समाधान करने की बातें कही है। गुरुवार को प्रेषित पत्र में उन्होंने कहा है कि हाल के दिनों में लोगों ने जाना कि नगर निगम बेगूसराय पूरे प्रदेश में विकास कार्यों में दूसरे नंबर पर है, यह खुशी की बात है। उन्होंने अपने स्तर से नगर क्षेत्र के विकास के लिए विधानसभा तक मामलों को उठाया। अपने फंड से विकास का प्रयास किया लेकिन जी.डी. कॉलेज के पीछे वाली सड़क का निर्माण कार्य निविदा होने के महीनों बाद भी शुरू नहीं हो सका है। जिसके कारण लोग परेशान हैं। इसी तरह स्टेशन रोड से गांधी चौक तक नाला का निर्माण अधर में है। शहर के अंदर जल जमाव की स्थिति बदतर हो गई है। ऐसा दशकों में नहीं हुआ था। जलजमाव बड़ी समस्या बन गई है। नगर निगम का मास्टर प्लान और सीवरेज सिस्टम सिर्फ मीटिंग में विमर्श का विषय बन कर रह गया है। योजना गत नीतियों के अभाव ने इस समस्या को विकराल किया है। शहर की यातायात व्यवस्था, जाम की समस्या, अतिक्रमण जैसे मुद्दों पर नगर निगम ने कागजी विमर्श के सिवा कुछ नहीं किया। शहर की जिम्मेवारी बड़ी चीज है और जिम्मेदारी का निर्वहन उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण है। शहर के लोग परेशान हैं, तत्काल जलजमाव से मुक्ति की जरूरत है। इसके लिए नगर निगम नई शुरुआत करते हुए शहर को जलजमाव से मुक्त करने का प्रयास करे और बाकी समस्याओं के निदान के लिए भी सार्थक पहल करे। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा-hindusthansamachar.in