recorded-paddy-purchase-in-rohtas-and-kaimur-including-bhojpur
recorded-paddy-purchase-in-rohtas-and-kaimur-including-bhojpur 
बिहार

भोजपुर सहित रोहतास व कैमूर में रिकार्डतोड़ हुई धान की खरीद

Raftaar Desk - P2

आरा,17 फरवरी(हि. स)।आरा के भाजपा विधायक अमरेन्द्र प्रताप सिंह के बिहार सरकार में कृषि मंत्री बनने का लाभ भोजपुर किसानों को मिलने लगा है। धान का कटोरा कहे जाने वाले इस इलाके में धान अधिप्राप्ति को लेकर भोजपुर जिला रिकार्ड बनाने की तरफ निकल गया है।इस वर्ष धान अधिप्राप्ति में यह जिला राज्य में टॉप टेन की सूची में शामिल हो गया है।इसका सीधा लाभ जिले के किसानों को मिला है। धान अधिप्राप्ति में भोजपुर जिला पूरे राज्य में आठवें नम्बर पर पहुंच गया है। जिले में अब तक एक लाख मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति हो चुकी है।इस अधिप्राप्ति ने विगत कई वर्षों की धान अधिप्राप्ति के रिकार्ड को तोड़ डाला है। राज्य सरकार ने आगामी 21 फरवरी तक धान अधिप्राप्ति की समय सीमा निर्धारित की है। बिहार सरकार के कृषि मंत्री और विधायक अमरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर जिले के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा लगातार किसानों से धान क्रय की स्थिति और प्रगति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। बिहार में धान अधिप्राप्ति में शाहाबाद का रोहतास पहले नम्बर पर तो इसी जनपद का कैमूर दूसरे नम्बर पर है। भोजपुर में अब तक जितनी धान की खरीद हो चुकी है उतनी धान की खरीद का पूर्व के वर्षों में लक्ष्य निर्धारित होता था।स्पष्ट है कि इस साल जिले में किसानों ने पहले से अधिक धान का उत्पादन किया है और रिकार्ड बनाया है। भोजपुर जिले में धान के उत्पादन में इस वर्ष किसानों की संख्या में ढाई से तीन गुणा अधिक वृद्धि हुई है। भोजपुर में वर्ष 2016-17 में एक लाख 10 मीट्रिक टन धान अधिप्राप्ति के लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 35 हजार मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति हुई थी। वर्ष 2017-18 में 91.587 मीट्रिक टन के लक्ष्य के विरुद्ध 26,568 मीट्रिक टन,वर्ष 2018-19 में 1.11 लाख मीट्रिक टन के लक्ष्य के विरुद्ध 40,542 मीट्रिक,वर्ष 2019-20 में 1.20 लाख मीट्रिक टन धान अधिप्राप्ति के लक्ष्य के विरुद्ध 54,427 मीट्रिक टन और वर्ष 2020-21 में 1.80 लाख मीट्रिक टन के विरुद्ध अब तक एक लाख मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति हुई है। आंकड़ो पर गौर करें तो इस साल रिकार्ड धान की अधिप्राप्ति जिले में हुई है। वर्ष 2016-17 में 120 समितियां धान क्रय में लगी थी जबकि वर्ष 2017-18 में 136 समितियां,2018-19 में 142 समितियां, वर्ष 2019-20 में 136 समितियां लगी थी और अब 2020-21 में कुल 159 धान क्रय समितियां धान अधिप्राप्ति के कार्य मे लगी हुई है। भोजपुर जिले में वर्ष 2020-21 में अब तक 12,228 किसानों ने धान की बिक्री अलग अलग प्रखण्डों में अलग अलग क्रय केंद्रों पर की है। अब तक इस वर्ष में 124 करोड़ 81 लाख 44 हजार रुपये का भुगतान किसानों को किया जा चुका है। भोजपुर के डीएम के निर्देश पर और उनकी सक्रियता के कारण इस वर्ष किसानों से धान की खरीद करने में तेजी आई है। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा-hindusthansamachar.in