postcard-campaign-for-lalu39s-release-insulting-the-court-sushil-modi
postcard-campaign-for-lalu39s-release-insulting-the-court-sushil-modi 
बिहार

लालू की रिहाई के लिए पोस्टकार्ड अभियान न्यायालय का अपमानः सुशील मोदी

Raftaar Desk - P2

पटना, 11 फरवरी (हि.स.)। राज्यसभा सांसद व भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि 1000 करोड़ रुपए के चारा घोटाले के चार मामलों में सजा काट रहे राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की रिहाई के लिए पोस्टकार्ड अभियान न्यायपालिका में अविश्वास पैदा करने की कोशिश है। राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने कहा कि 1000 करोड़ के चारा घोटाले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को लंबी न्यायिक प्रक्रिया के बाद सजा सुनाई गई है। राम जेठमलानी जैसे नामी वकील भी उन्हें सजा मिलने से नहीं बचा पाए, न ही जमानत दिलवा सके। अब राजद के एक उपेक्षित राजकुमार चारा घोटाला के चार मामलों में सजायाफ्ता पार्टी प्रमुख की रिहाई के लिए राष्ट्रपति को दो लाख पोस्टकार्ड भेज कर न्यायपालिका में अविश्वास पैदा करना चाहते हैं। राजद को चुनाव, लोकतंत्र, न्यायपालिका और जनता पर भरोसा नहीं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने लालू-राबड़ी की परिवारवादी पार्टी को संसदीय चुनाव में जीरो पर आउट किया और विधानसभा चुनाव में विपक्ष में बैठने का जनादेश दिया, लेकिन जनता का फैसला मानने की बजाय लालू प्रसाद विधानसभा गठन के समय से ही जोड़-तोड़ में लगे पाए गए हैं। आगे उन्होंने कहा कि सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार कर राजद ने लोकतांत्रिक परम्परा का भी अनादर किया है। हिन्दुस्थान समाचार/राजीव-hindusthansamachar.in