March heat began to fall in Bihar only in January
March heat began to fall in Bihar only in January 
बिहार

जनवरी में ही बिहार में पड़ने लगी मार्च वाली गर्मी

Raftaar Desk - P2

मौसम वैज्ञानिक भी हैं हैरान, कहा रविवार से बर्फीली हवाओं सेल बढ़ेगी ठंड पटना, 09 जनवरी (हि.स.) । बिहार में अचानक ठिठुरन भरी सर्दी के मौसम में पड़ रही मार्च वाली गर्मी ने लोगों को हैरत में डाल दिया है। कड़ाके की सर्दी वाले जनवरी में मार्च जैसी गर्मी का अहसास हो रहा है। पिछले आठ दिनों से लगातार पटना के भी अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी जारी है। शनिवार को भी बिहार में सामान्य से ज्यादा तापमान रहा। गुरुवार को पटना के अधिकतम तापमान ने 26 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। 29 डिग्री सेल्सियस के साथ गुरुवार को पटना राज्य में सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक था। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि रविवार से फिर बर्फीली हवाओं के कारण ठंड पड़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार (8 जनवरी) को धूप के कारण तापमान में गर्मी बनी रही। ऐसे में लोगों को ठंड से राहत मिली है। मौसम विज्ञानी शत्रुघ्न कुमार मंडल ने बताया कि अगले 24 घंटे में तापमान यथावत बना रहेगा। आकाश में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे तथा एक-दो स्थानों पर कोहरा बना रहने की संभावना है। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 29.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ शेखपुरा प्रदेश में सर्वाधिक गर्म स्थान रहा, जबकि गया का न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि सतह पर उत्तर-पश्चिम हवा का प्रवाह शुरू हो चुका है। समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर उसकी गति 25 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक है। हवा का रुख उत्तरोत्तर की ओर बढ़ रहा है। दक्षिण-पश्चिम बिहार व झारखंड के आसपास समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर के ऊपर चक्रवात बने रहने के कारण तापमान में गिरावट नहीं दर्ज की जा रही है। दो दिनों बाद इसका प्रभाव कम होने और उत्तर-पश्चिम से आने वाली बर्फीली हवा के कारण तापमान में गिरावट होगी। इस कारण कनकनी बढ़ सकती है। आठ दिनों से जारी है पटना के तापमान में उतार-चढ़ाव : तिथि -- अधिकतम न्यूनतम (डिग्री से. में) 1 जनवरी - 22 07 2 जनवरी - 22 07 3 जनवरी - 23 09 4 जनवरी - 24 10 5 जनवरी - 24 11 6 जनवरी - 26 17 7 जनवरी - 29 14 8 जनवरी - 28 15 हिन्दुस्थान समाचार/राजीव रंजन/चंदा-hindusthansamachar.in