aisf-demonstrated-against-the-continuous-increase-in-bus-fare
aisf-demonstrated-against-the-continuous-increase-in-bus-fare 
बिहार

बस भाड़े में लगातार हो रहे वृद्धि के खिलाफ एआईएसएफ ने किया प्रदर्शन

Raftaar Desk - P2

बेगूसराय, 16 जून (हि.स.)। लॉकडाउन के बाद बस के भाड़ा में अप्रत्याशित वृद्धि और छात्रों को छूट नहीं देने के खिलाफ ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) ने मोर्चा खोल दिया है। किराया में लगातार हो रहे बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने नगर अध्यक्ष राजीव कुमार के नेतृत्व में बुधवार को बेगूसराय में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों का जत्था पटेल चौक स्थित जिला कार्यालय से जुलूस की शक्ल में हाथ में मांग संबंधी चार्ट पेपर और झंडा लेकर बाजार भ्रमण करते हुए जीडी कॉलेज पहुंचा तथा गेट पर जाकर जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार की अध्यक्षता में सभा में तब्दील हो गया। सभा को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अमीन हमजा एवं जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार ने कहा कि कोरोना काल के बाद जनता गरीबी से जूझ रही है। खासकर छात्र-छात्राओं को आवागमन में भाड़े के रूप में काफी पैसे खर्च करने पड़ते हैं। इस स्थिति में बस एवं यातायात के भाड़े में बेतहाशा वृद्धि उन छात्रों के जान पर पड़ गया है। जिले के सभी प्रखंडों से जिला मुख्यालय तक सरकारी बस की सुविधा की मांग हमारा संगठन बेगूसराय जिला प्रशासन से करता है। सभी भाड़े में छात्रों को आधा छूट मिले, ऐसा नहीं होने पर हमारा संगठन प्रशासन के खिलाफ लड़ाई शुरू करेगा। सभा को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य किशोर कुमार एवं जिला उपाध्यक्ष कैसर रेहान ने भी संबोधित किया| हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा