70-groups-of-devotees-knocking-from-house-to-house-in-seven-suburbs-of-begusarai-city
70-groups-of-devotees-knocking-from-house-to-house-in-seven-suburbs-of-begusarai-city 
बिहार

बेगूसराय शहर के सात उपनगरों में घर-घर दस्तक दे रही है रामभक्तों की 70 टोली

Raftaar Desk - P2

बेगूसराय, 11 फरवरी (हि.स.)। अयोध्या में बनने वाले प्रभु श्रीराम मंदिर के निर्माण में देश भर के लोगों की सहभागिता के लिए संघ की ओर से चलाए जा रहे घर-घर संपर्क अभियान का उद्देश्य पूरा होने की ओर अग्रसर है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि संग्रह अभियान पूरे जिला में युद्ध स्तर पर चल रहा है, सभी स्तर पर स्वयंसेवक अपने लक्ष्य को गति देने में लगे हुए हैं। यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ बेगूसराय शहरी क्षेत्र में निरंतर गति के साथ आगे बढ़ते हुए अपने उद्देश्यों को पूरा करने की ओर अग्रसर है। शहर के सात उपनगरों में रामभक्तों के 70 टोलियों के द्वारा विभिन्न मोहल्लों में घर-घर निधि संग्रह अभियान जारी है जिसके द्वारा अब तक करीब 12 लाख से अधिक के संग्रहित निधि का समर्पण श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तीर्थ क्षेत्र के खाते में किया जा चुका है। जबकि इससे कई गुना अधिक लोग ऑनलाइन समर्पित कर चुके हैं। अभियान में लगे हुए क्रीड़ा भारती के जिला मंत्री रणधीर कुमार ने बताया कि राम काज के इस अभियान को संचालित करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है, युवाओं की टीम रामभक्त हनुमान की भांति कार्य कर रहे हैं। रतनपुर टोली के प्रमुख और भाजपा नगर अध्यक्ष रूपेश गौतम ने कहा कि राम का काज उनके आदेश से ही संचालित होता है, वे जग के पालनहार हैं, उनके मंदिर निर्माण कार्य में लगनेवाले अपने आप को कृतघ्न समझ रहे हैं। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का मंदिर अलौकिक एवं दिव्य होगा जो समस्त विश्व को विश्वबंधुत्व का संदेश देने का कार्य करेगा। अभियान के साथी पूर्व नगर पार्षद ऋतुराज गौतम ने कहा कि अगले दो दिनों में रतनपुर वार्ड 21 में अभियान पूरा हो जाएगा, इसके बाद रतनपुर वार्ड 20 एवं विष्णुपुर चतुर्भुज में अभियान संचालित की जाएगी। इस क्षेत्र में श्रद्धालुओं से घर-घर संपर्क कर तीन लाख निधि संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। युवाओं के इस टोली में भाजपा युवा नगर अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार, पवन सिंह, अमित कुमार, शैलेश कुमार एवं विकास कुमार तन मन से समर्पित होकर अपनी भूमिका निभा रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा-hindusthansamachar.in