पबा संरक्षित वनांचल को वन्य अभयारण्य बनाएंगे : सीएम
पबा संरक्षित वनांचल को वन्य अभयारण्य बनाएंगे : सीएम 
असम

पबा संरक्षित वनांचल को वन्य अभयारण्य बनाएंगे : सीएम

Raftaar Desk - P2

गुवाहाटी, 14 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा है कि राज्य के धेमाजी जिला स्थित जैव वैचित्र के प्राण केंद्र पबा संरक्षित वनांचल को वन्य अभयारण्य में उन्नत किया जायेगा। मंगलवार को जोनाई में आयोजित धेमाजी, लखीमपुर और माजुली जिला के उच्च पदस्थ पदाधिकारियों के साथ हुई एक बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इन तीनों ही बाढ़ प्रभावित जिलों में बाढ़ एवं कोरोना को लेकर उत्पन्न परिस्थिति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने जहां बाढ़ की रोकथाम के विषय में पूछा, वहीं बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाए जाने संबंधी जानकारी विस्तार पूर्वक हासिल की। वहीं मुख्यमंत्री ने इस दौरान राज्य के जल संसाधन विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे तटबंधों के मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर करें। ताकि, अधिक से अधिक लोगों को बाढ़ की विभीषिका से बचाया जा सके। मुख्यमंत्री ने इस दौरान विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वह बाढ़ राहत शिविरों में स्वच्छता का पूरी तरह पालन करें ताकि, वहां किसी भी प्रकार की बीमारी नहीं फैले। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर सभी आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। ज्ञात हो कि असम का धेमाजी, लखीमपुर और माजुली प्रत्येक वर्ष बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित होता है। इस वर्ष भी इन जिलों में बाढ़ की भीषण स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। हर तरफ हाहाकार मचा हुआ है। मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों से कहा कि राहत और बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/ अरविंद-hindusthansamachar.in