chief-minister-met-the-families-of-two-minor-girls-who-committed-suicide
chief-minister-met-the-families-of-two-minor-girls-who-committed-suicide 
असम

खुदकुशी करने वाली दो नाबालिग किशोरियों के परिजनों से मिले मुख्यमंत्री

Raftaar Desk - P2

कोकराझार (असम), 13 जून (हि.स.)। कोकराझार जिला के अभयाखुटी इलाके में खुदकुशी करने वाली दो नाबालिक किशोरियों के परिजनों से रविवार को मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने मिलकर उनको ढांढस बंधाया। दोनों किशोरियों का शव तीन पूर्व कथित तौर पर पेड़ पर फंदे से लटकता हुआ पाया गया था। प्राथमिक जांच में पुलिस ने बताया है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है हालांकि, इस मामले की और भी एंगल से जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री सरमा ने मृतक के परिजनों से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि अभयाखुटी की घटना को लेकर मैं काफी दुखी हूं। नाबालिग लड़कियों के परिवार को आश्वस्त कराने के लिए मैं यहां पहुंचा हूं। शुक्रवार को रहस्यमय स्थिति में एक पेड़ से दोनों नाबालिक लड़कियों को लटकते हुए पाया गया था। मैं आज मृतक के परिवार वालों से मिला और उनका दर्द साझा किया। असम सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। मैंने असम पुलिस को मौत के कारणों का पता लगाने के लिए तेजी से जांच करने का निर्देश दिया है। अगर कोई गड़बड़ी हुई तो सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि अगर पीड़ितों को खुद को नुकसान पहुंचाने के लिए किसी द्वारा मजबूर किया है तो पुलिस इसके कारणों का पता लगाएगी। महिला सुरक्षा हमेशा असम सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। गरीबों पर किसी भी तरह का अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बीटीसी प्रमुख प्रमोद बोडो और कोकराझार पूर्व के विधायक लॉरेंस इस्लारी भी मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार/ असरार/ अरविंद