यमन में फंसे 14 भारतीय नाविक दुबई से भारत लौटे
यमन में फंसे 14 भारतीय नाविक दुबई से भारत लौटे 
दुनिया

यमन में फंसे 14 भारतीय नाविक दुबई से भारत लौटे

Raftaar Desk - P2

दुबई, 07 दिसम्बर (हि.स.)। यमन में फंसे 14 भारतीय नाविक शनिवार को दुबई से भारत लौट आए हैं। दरअसल यमन के गल्फ ऑफ एडेन में इनका जहाज डूब गया था जिसके कारण 10 महीनों तक यह लोग वहां पर फंसे हुए थे। जिबूती में स्थित भारतीय दूतावास की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि इन 14 नाविकों को 14 फरवरी को स्थानीय हूती प्रशासन ने हिरासत में ले लिया था। जिबूती में स्थित भारतीय दूतावास की ओर से लगातार किए जा रहे प्रयासों के बाद 28 नवम्बर को इन्हें सना कार्यालय के जरिए रिहा कराया जा सका। दूतावास के अनुसार वहां पर फंसे हुए भारतीयों के पासपोर्ट, अन्य दस्तावेज और जरूरत का सामान खो गया। इसके अलावा समुद्री और अन्य प्रशासन की ओर से उनकी स्थिति को देखते हुए उनकी मदद करने का आग्रह किया गया। रिहा किए गए नाविकों की पहचान मोहनराज थनीगाचालम, विलियम निकामडेन, अहमद अब्दुल गफूर वाकनकर, फैहरूज नजरूद्दीन जारी, संदीप बालू लोहार, निलेश धनराज लोहार, हिरोन एसके, दाउद महमूद जिवराक, चेतन हरीचंद्र गवास, तन्मय राजेन्द्र माने, संजीव कुमार, मनीराज मरियप्पन, प्रवीन थमाकरणताविदा और अब्दुल वाहाब मुस्थाबा हैं। दुबई स्थित भारतीय कंसुलेट ने दुबई में भारतीय नाविकों के आने की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी भारतीय नाविक अपने देश लौट गए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/सुप्रभा सक्सेना/रामानुज-hindusthansamachar.in