sri-lankan-navy-arrested-54-indian-fishermen
sri-lankan-navy-arrested-54-indian-fishermen 
दुनिया

श्रीलंका की नौसेना ने 54 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार

Raftaar Desk - P2

कोलंबो, 25 मार्च (हि.स.)। श्रीलंका की नौसेना ने बुधवार को उत्तरी तट और उत्तर पूर्व के इलाकों से समुद्री सीमा में अवैध शिकार करने के आरोप में 54 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिय़ा। साथ ही उनकी 5 नौकाएं भी जब्त कर ली हैं। श्रीलंकाई नौसेना ने एक बयान में कहा है कि अवैध शिकार रोकने के लिए श्रीलंका की नौसेना अपनी सीमा में लगातार अभियान चलाती रहती है। जाफना के कोविलन तट से एक भारतीय नौका को पकड़ा गया है जिसमें 14 लोग सवार थे। इसके अलावा मन्नार के पेसालई के पास से दो अन्य नौकाओं को पकड़ा गया है जिसमें 20 लोग सवार थे। इसके अलावा मुल्लईटीवू से दो अन्य नौकाओं को जब्त किया गय़ा है और इसमें भी 20 लोग सवार थे। श्रीलंकाई नौसेना के मुताबिक इन भारतीय नौकाओं ने अंतरराष्ट्रीय़ सीमा रेखा पार की थी, इसलिए इन्हें जब्त किया गय़ा है। समुद्री सीमा में अवैध शिकार करने के आरोप में 54 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया है। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जनवरी में श्रीलंका दौरे पर मत्स्य मंत्री दोगूलास देवानंद से मुलाकात करके मत्स्य पालन में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की थी। पिछले साल फरवरी में श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे और उनके भारतीय समकक्ष नरेन्द्र मोदी ने लंबे समय से जारी मछुआरों के मुद्दे को "मानवीय दृष्टिकोण" से हल करने पर सहमति जताई थी। हिन्दुस्थान समाचार/सुप्रभा सक्सेना