news

खाप नेताओं और किसानों ने रोहतक-दिल्ली मार्ग रोका, पहलवानों के समर्थन में हरियाणा बंद

नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज डेस्क। पहलवानों के समर्थन में खाप पंचायतों द्वारा आज हरियाणा बंद को देखते हुए राज्य में सुरक्षा का कड़ा बंदोबस्त किया गया है। इस बीच किसानों और खाप नेताओं ने रोहतक-दिल्ली मार्ग को बंद कर दिया है।

किसानों का हरियाणा बंद

बता दें कि पहलवान लगातार भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। तीन दिन पहले झज्जर जिले के बहादुरगढ़ स्थित मांडोठी टोल प्लाजा पर हुई जनता संसद में हरियाणा बंद का ऐलान किया गया था। किसानों के बंद का समर्थन हरियाणा के कई राजनीतिक दल भी कर रहे हैं।

रोहतक-दिल्ली मार्ग जाम

ताजा हालात यह है कि खाप पंचायतों के नेता झज्जर के बहादुरगढ़ में जमा हो गए हैं।  उन्होंने रोहतक-दिल्ली मार्ग पर जाम लगा दिया है। हिसार,कैथल, जींद आदि शहरों में खाप व किसान नेता टोल प्लाजा पर धरने पर बैठे हुए हैं। अधिकारियों ने राज्य की जनता से अपील की है कि जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें।