भू-माफ‍ियाओं ने जिला पंचायत सदस्य को बेरहमी से पीटा, आरोप‍ितों के खि‍लाफ अपराध दर्ज
भू-माफ‍ियाओं ने जिला पंचायत सदस्य को बेरहमी से पीटा, आरोप‍ितों के खि‍लाफ अपराध दर्ज 
news

भू-माफ‍ियाओं ने जिला पंचायत सदस्य को बेरहमी से पीटा, आरोप‍ितों के खि‍लाफ अपराध दर्ज

Raftaar Desk - P2

धमतरी, 19 जून (हि.स.)। धमतरी जिले में अवैध रेत खनन का मामला सामने आया है। यहां अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ आवाज उठाने और उनकी मनमानी को रोकने की कोशिश करने वालों के साथ बेरहमी से मारपीट होने लगी है। जानकारी के मुताबिक धमतरी शहर से 45 किलोमीटर दूर कुरूद ब्लाॅक के ग्राम जोरातराई में गुरुवार-शुक्रवार की आधी रात अवैध रेत खदान संचालित होने के विरोध में जिला पंचायत सदस्य खूबलाल ध्रुव ग्रामीणों के साथ पहुंचे थे। वहां पर खदान संचालन को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान नोकझोंक के बाद मारपीट शुरू हो गई। जहां रेत खदान संचालित करने वालों ने मिलकर जिला पंचायत सदस्य सहित ग्रामीणों को बेरहमी से पीटा। 3 घण्टे तक जिला पंचायत सदस्य और उनके साथियों को बंधक बनाकर रखा गया था। इसके बाद शुक्रवार सुबह जिला पंचायत सदस्य दस से अधिक ग्रामीणों के साथ रुद्री थाना में रिपोर्ट लिखवाने पहुंचे हैं। जिला पंचायत सदस्य खूब लाल ध्रुव की हालत गंभीर है। गंभीर चोट लगने की वजह से वे बार-बार बेहोश हो रहे हैं। आरएन ध्रुव प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ छत्तीसगढ़ ने कहा आरोपितों के खिलाफ बड़ा आंदोलन होगा। रुद्री थाना में भीड़ लगी हुई है। इस संबंध में रुद्र थाना प्रभारी युगल किशोर नाग ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य की रिपोर्ट पर आरोपित खदान संचालक के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई है। नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि धमतरी जिले में 17 से अधिक रेत खदान संचालित हो रही है। हिन्दुस्थान समाचार / रोशन / गेवेन्द्र-hindusthansamachar.in