क्राइम

शादी में खाना बनाकर लौट रहे बावर्ची को गोली मारी, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

Raftaar Desk - P2

मेरठ, 10 अक्टूबर (हि.स.)। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह हमलावरों ने शादी में खाना बनाकर दोस्त के साथ घर लौट रहे एक युवक को गोली मार दी। घटना के बाद जहां घायल युवक को एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है वहीं गोली मारने के बाद भागते हुए हमलावर निकट लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस आरोपितों की जानकारी में जुटी है। दरअसल मजीद नगर गली नंबर तीन निवासी सलमान पुत्र फैयाज शादियों में खाना बनाने का काम करता है। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार को सलमान काशीराम कॉलोनी में एक शादी समारोह में खाना बनाने गया था। शनिवार की सुबह वह अपने साथी वसीम उर्फ अली के साथ घर वापस लौट रहा था। बताया जाता है कि इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर ही अज्ञात युवकों ने पीछे से सलमान पर गोली चला दी। कमर में गोली लगने से सलमान गंभीर रूप से घायल हो गया और हमलावर फरार हो गए। उधरअली के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे क्षेत्रवासियों और परिजनों द्वारा घायल सलमान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए परिजन उसे हापुड़ रोड स्थित एक नर्सिंग होम ले गए। लिसाड़ी गेट थाने के इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल ने बताया कि अभी परिजनों द्वारा घटना की तहरीर नहीं दी गई है। उधर, घटना के बाद भागते हमलावर क्षेत्र में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी है। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप/ रामानुज-hindusthansamachar.in