क्राइम

बदमाशों ने स्क्रेप कारोबारी को गोली मारकर की लूटपाट

Raftaar Desk - P2

नई दिल्ली, 25 जुलाई (हि.स.)।उत्तर-पूर्वी दिल्ली सोनिया विहार इलाके में बदमाशों ने स्क्रेप कारोबारी को गोली मारकर लूटपाट की। टांग में गोली लगने के बाद पीड़ित जमीर अहमद (50) को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जमीर की टांग में गोली लगने की बात से इंकार करते हुए छर्रा लगने की बात कर रहे हैं। पुलिस को घटना स्थल से दो खोखे व एक कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित जमीर अहमद परिवार के साथ चांदबाग इलाके में रहता है। इसका चौथे पुश्ते सोनिया विहार में स्क्रेप का कारोबार है। जमीर का गोदाम भी वहीं पर है। शुक्रवार शाम को वह अपने गोदाम पर मौजूद था। उसी दौरान पैदल दो बदमाश वहां आ गए। दोनों का मुंह ढका हुआ था। एक बदमाश ने पिस्टल दिखाते हुए जमीर से कैश की डिमांड की। मना करने पर आरोपी ने जमीर पर गोली चला दी। बाद में बदमाश घसीटते हुए उसे अंदर ले गए। जमीर ने डर की वजह से 73 हजार रुपये और अपना मोबाइल बदमाशों को दे दिया। बाद में आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने जमीर को जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस आशंका जता रही है कि वारदात में आसपास के ही युवक शामिल हो सकते हैं। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी-hindusthansamachar.in