पत्नी की हत्या कर होटल के मैनेजर ने लगाई फांसी, कमरे में बेहोश मिली बच्ची
पत्नी की हत्या कर होटल के मैनेजर ने लगाई फांसी, कमरे में बेहोश मिली बच्ची 
क्राइम

पत्नी की हत्या कर होटल के मैनेजर ने लगाई फांसी, कमरे में बेहोश मिली बच्ची

Raftaar Desk - P2

मेरठ, 17 सितम्बर (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात होटल के मैनेजर ने पत्नी की हत्या करने के बाद गला दबाकर मासूम बेटी की भी हत्या का प्रयास किया। इसके बाद पंखे से लटककर फांसी लगा ली। सुबह दोनों के शव होटल के कमरे में बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने बेहोश मिली बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि लगभग 45 वर्षीय अरविंद नाम का व्यक्ति रोडवेज बस स्टैंड के निकट स्थित एवरेस्ट गेस्ट हाउस में मैनेजर था। होटल मालिक लोकेश के मुताबिक अरविंद लगभग एक साल से उनके होटल में काम कर रहा था। 10 दिन पहले ही अरविंद अपनी पत्नी और 5 साल की बच्ची को भी साथ ले आया था। सभी लोग होटल में अरविंद के कमरे में रह रहे थे। गुरुवार की सुबह होटल का सफाई कर्मचारी कमरे में सफाई के लिए पहुंचा तो दरवाजा खुला हुआ था। सफाईकर्मी ने भीतर झांका तो अंदर का नजारा देख उसके होश उड़ गए। कमरे के भीतर अरविंद का शव फंदे से लटका हुआ था। वहीं, उसकी पत्नी की लाश भी बेड पर पड़ी थी। जिसके बाद घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह, एएसपी कैंट इरज राजा और थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को कमरे में दंपत्ति की पांच वर्षीय बेटी भी बेहोश मिली। जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि दंपत्ति के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया अनुमान लगाया जा रहा है कि पत्नी से हुए विवाद के दौरान अरविंद ने उसकी हत्या कर दी। इसके बाद बेटी की हत्या का प्रयास करके खुद भी फांसी लगा ली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप/राजेश-hindusthansamachar.in