क्राइम

कुएं की खुदाई के दौरान मिट्टी ढहने से 2 मजदूरों की मौत

Raftaar Desk - P2

नागौर, 10 दिसम्बर (हि.स.)। रियांबड़ी में एक स्कूल के पास कुआं खोदते वक्त मिट्टी ढहने से गुरुवार को दो मजदूरों की मलबे में दबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जेसीबी की मदद से दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। घटना रियांबड़ी के दासा वास रोड स्थित मॉडल स्कूल के पास की है। यहां खेत में कुआं खोदा जा रहा था। जो करीब 27 फीट गहरा खुद चुका था। गुरुवार को दिन में करीब 12 बजे कुएं की मिट्टी ढह गई। जिससे रियांबड़ी के रहने वाले दो मजदूरों की मौत हो गई। खुदाई के लिए मौके पर जेसीबी, एलएनटी ट्रैक्टर समेत दर्जन भर उपकरण मंगाए गए थे। इस दौरान उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार समेत कई अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। दोनों शव मोर्चरी में रखवाए गए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर-hindusthansamachar.in