अपार्टमेंट की छत से सिविल इंजीनियर गिरा, मौत
अपार्टमेंट की छत से सिविल इंजीनियर गिरा, मौत  
क्राइम

अपार्टमेंट की छत से सिविल इंजीनियर गिरा, मौत

Raftaar Desk - P2

गोरखपुर, 23 दिसम्बर (हि.स.)। फर्टिलाइजर क्षेत्र के एक छह मंजिला अपार्टमेंट से गिरकर एक सिविल इंजीनियर की बुधवार को मौत हो गई है। मामले की छानबीन में जुटी पुलिस इसे हत्या, आत्महत्या और हादसे की एंगिल से जांच कर रही है। वजह, मृतक सिविल इंजीनियर के हाथ में मोबाइल पाया गया है। इधर, पुलिस का कहना है कि झारखंड प्रदेश के मूल निवासी और सिविल इंजीनियर सूरज कुमार के छत से गिरने की वजह अब तक स्पष्ट नहीं है। उनके हाथ में मोबाइल पाया गया है। इस कारण पहले यह अनुमान लगाया जा रहा था कि संभवत: मोबाइल पर बात करने के दौरान वह छत के किनारे पहंचकर नीचे गिर गए होंगे, लेकिन मौका मुआइना के बाद इसे हादसा, हत्या या आत्महत्या के एंगिल पर भी जांच चल रही है। बता दें कि बुधवार सुबह इंजीनियर सूरज अपने अपार्टमेंट की छठवीं मंजिल की छत से नीचे गिर गए। फर्टिलाइजर कारखाना झुंगिया गेट के पास स्थित इस अपार्टमेंट में एचयूआरएल कंपनी के कई अधिकारी रहते हैं। सूरज कुमार अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर रहते थे। वह छठवीं मंजिल की छत पर क्यों गए और फिर नीचे कैसे गिर गए? यह गुत्थी फिलहाल सुलझ नहीं पाई है। अपार्टमेंट के सीसी कैमरे में उनके छत से नीचे गिरने की फुटेज कैद हुई है। पुलिस इसकी तहकीकात कर रही है। सूरज कुमार के कमरे के अगल-बगल रहने वाले लोगों ने छत से गिरने के तुरंत बाद उन्हें मेडिकल कालेज पहुंचाया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची चिलुआताल थाना पुलिस ने सूरज कुमार के शव को कब्जे में ले लिया और उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है। हिन्दुस्थान समाचार/आमोद-hindusthansamachar.in