unidentified-vehicle-crushes-bike-riders-two-youths-died
unidentified-vehicle-crushes-bike-riders-two-youths-died 
क्राइम

अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को कुचला, दो युवकों की मौत

Raftaar Desk - P2

जयपुर/ नागौर, 20 मार्च (हि.स.)। नागौर जिले के मकराना थाना इलाके में शनिवार तड़के अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं एक युवक घायल हो गया। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं मृतकों के शवों को मोर्चरी के लिए भिजवाया गया। हालांकि घटना के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया। ऐसे में पता नहीं चल पाया है कि बाइक की किस वाहन से टक्कर हुई थी। फिलहाल मामले की जांच पडताल की जा रही है। मकराना थानाधिकारी रोशन लाल ने बताया कि हादसा कालवा गांव के पास शनिवार अलसुबह करीब पांच बजे हुआ था। मृतक युवकों की पहचान 24 वर्षीय विक्रम निवासी मनानि मकराना जिला नागौर और 23 वर्षीय श्यामलाल निवासी जाखली मकराना जिला नागौर के रूप में हुई है। वहीं अन्य घायल 23 वर्षीय देवकरण निवासी जाखली मकराना जिला नागौर है जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी में सामने आया कि मृतक विक्रम अहमदाबाद में मजदूरी करता था। जिसे अहमदाबाद जाने के लिए शनिवार सुबह ट्रेन पकड़नी थी। वहीं अपने साले को ट्रेन में बैठाने के लिए जीजा श्याम अपने मित्र देवकरण को साथ लेकर आया था। रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में विक्रम और श्याम की मृत्यु हो गई। वहीं देवकरण के भी मामूली चोट आई है। घटना के बाद पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। जिससे अज्ञात वाहन के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। हिन्दुस्थान समाचार/दिनेश/ ईश्वर