the-crook-battered-in-front-of-the-bravery-of-the-woman
the-crook-battered-in-front-of-the-bravery-of-the-woman 
क्राइम

महिला की बहादुरी के आगे बदमाश पस्त

Raftaar Desk - P2

नई दिल्ली, 19 मार्च (हि.स.)। पालम इलाके में एक महिला की बहादुरी के आगे बदमाश पस्त हो गया। बदमाश महिला को पिस्टल दिखाकर उससे सोने की चेन लूटने का प्रयास कर रहा था। लेकिन महिला बिना डरे बदमाश के हाथ पर झाड़ू से हमला कर दिया। जिससे उसका पिस्टल गिर गया। पकड़े जाने के डर से बदमाश अपना पिस्टल उठाकर वहां से फरार हो गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने लूटपाट का प्रयास का मामला दर्ज कर बदमाश की तलाश शुरु कर दी है। पुलिस के अनुसार, साद नगर पालम कालोनी निवासी सरोज देवी घरेलू महिला है। बुधवार सुबह सरोज देवी अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान एक युवक उसके पास आया और उसपर पिस्टल तान दिया। बदमाश ने महिला से गले में पहने सोने की चेन उतारकर देने के लिए कहा। महिला ने बिना डरे बदमाश के उस हाथ पर झाड़ू मार दिया। अचानक हुए हमले से बदमाश संभल नहीं पाया और उसके हाथ से पिस्टल नीचे गिर गया। पिस्टल गिरते ही महिला शोर मचाने लगी। शोर सुनकर आस-पास के लोग उस ओर दौड़े। लोगों को आता देख पकड़े जाने के डर से बदमाश पिस्टल उठाकर भाग गया। महिला ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालकर फरार बदमाश की पहचान करने में जुटी है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी