the-couple-was-crushed-by-an-unknown-vehicle-the-wife-died
the-couple-was-crushed-by-an-unknown-vehicle-the-wife-died 
क्राइम

दम्पति को अज्ञात वाहन ने कुचला, पत्नी की मौत

Raftaar Desk - P2

ग्वालियर, 28 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर अज्ञात वाहन ने एक महिला की जान ले ली। दम्पति मंदिर से दर्शन करने के बाद मोटर साइकिल से घर लौट रहे थे। अज्ञात वाहन ने दम्पति को टक्कर मार दी। सड़क दुर्घटना में घायल महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया जबकि पति भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपित वाहन चालक की तलाश प्रारंभ कर दी है। मुरारा थाना पुलिस के अनुसार, चार शहर का नाका निवासी अरविंद धाकड़ अपनी पत्नी श्रीमति मनोज 29 वर्ष के साथ शनिवार को दंदरौआ मंदिर के दर्शन करने के लिए मोटर साइकिल से गए थे। देर शाम पति-पत्नी वापस घर लौट रहे थे, तभी खुरैरी तिराहा के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने मोटर साइकिल को अपनी चपेट में लेते हुए टक्कर मार दी। पुलिस का कहना है कि वाहन चालक की टक्कर लगने से अरविंद दूसरी तरफ गिरे जबकि पत्नी मनोज का सिर डिवाइडर से टकराने के कारण बुरी तरह लहुलुहान हो गया। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया। किसी तरह घायल महिला को आटो से चिकित्सालय लेकर पहुंचे। महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सड़क दुर्घटना में महिला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस चिकित्सालय पहुंच गई और शव विच्छेदन गृह रखवाने के बाद आरोपित चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के बारे में जांच अधिकारी प्रधान आरक्षक रणवीर सिंह का कहना है कि टक्कर मारने वाला वाहन का पता लगाया जा रहा है। घायल अरविंद पत्नी को संभालने में लग गए थे इस कारण वह भी वाहन की पहचान नही कर सके हैं। हिन्दुस्थान समाचार/शरद