speed-havoc-speeding-ktm-duke-bike-collided-with-divider-fell-into-the-drain-two-died
speed-havoc-speeding-ktm-duke-bike-collided-with-divider-fell-into-the-drain-two-died 
क्राइम

रफ्तार का कहर : तेज रफ्तार केटीएम ड्यूक बाइक डिवाइडर से टकरा नाले में गिरी, दो की मौत

Raftaar Desk - P2

नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में मंगलवार रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। कोंडली नहर के पास तेज रफ्तार केटीएम ड्यूक बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो दोस्त उछलकर गहरे नाले में जा गिरे। दूर तक घिसटते चली गई बाइक के भी परखच्चे उड़ गए। राहगीरों ने हादसे को देखकर मामले की सूचना पुलिस को दी। फौरन पुलिस के अलावा दमकल विभाग और बोट क्लब के गोताखोर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव नाले से निकाले गए। मृतकों की पहचान फरहान खान (30) और विजय शर्मा (25) के रूप में हुई है। दोनों अपने एक अन्य दोस्त से मिलकर घर लौट रहे थे। राहगीरों ने रफ्तार की वजह से होने की बात की हैं। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि एक ऑटो को बचाने के चक्कर में दोनों दोस्त हादसे का शिकार हुए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हादसे के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक फरहान खान अपने परिवार के साथ 24-ब्लॉक, त्रिलोकपुरी में रहता था। इसके परिवार में पिता मुशताक खान के अलावा पत्नी, एक बेटा व बेट है। बीए करने के बाद फरहान ने इवेंट मैनेजमेंट व कैटरिंग का काम शुरू कर दिया था। वहीं विजय परिवार के साथ द्वारका इलाके में रहता था। इसके परिवार में पिता फूलचंद व अन्य सदस्य हैं। 12वीं करने के बाद विजय अपने दोस्त फरहान के साथ ही काम करने लगा था। मंगलवार को विजय अपनी बाइक से फरहान के पास मिलने आया हुआ था। दोनों न्यू अशोक नगर में सी-ब्लॉक में अपने दूसरे दोस्त के पास मिलने चले गए। रात करीब 8.00 बजे दोनों दोस्त के पास से वापस लौट रहे थे। इस बीच कोंडली नगर और उसके बराबर वाली सड़क पर बनी सड़क पर दोनों हादसे का शिकार हो गए। राहगीरों का कहना था कि दोनों की बाइक की रफ्तार बेहद तेज थी। डिवाइडर से टकराने के बाद दोनों उछलकर नाले में जा गिरे। सूचना मिलते ही पुलिस व दमकल विभाग मौके पर पहुंच गया। मौके पर अंधेरा व नाले की गहराई देखने के बाद बोट क्लब के गोताखोरों को भी मौके पर बुलाया। पहले करीब 9.30 बजे फरहान को नाले से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद रात करीब 11.00 बजे विजय को निकाला गया। दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। न्यू अशोक नगर थाना पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के सही वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। राहगीरों के सामने हादसा, लेकिन नहीं कर पाए मदद... न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास नहर वाले रोड पर मंगलवार को यह हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक एक ओर पक्का नाला है जबकि दूसरी ओर कोंडली नहर है। नहर के किनारे जाली लगी है, लेकिन नाले की ओर जाली नहीं लगी है। हादसा हुआ तो दोनों युवक बाइक से उछलकर नाले में जा गिरे। राहगीर चाहकर भी दोनों युवकों की मदद नहीं कर पाए। लोगों का कहना था कि जहां हादसा हुआ, वहां नाला बेहद गहरा व दलदलनुमा है। ऐसे में कोई दोनों को बचाने का साहस नहीं कर पाया। जबकि बचाव दल मौके पर पहुंचा और दोनों को निकाला गया तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। बाइक की रफ्तार थी 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक... राहगीरों ने बताया कि हादसे के समय बाइक की रफ्तार बेहद तेज थी। एक युवक ने बताया कि बाइक की गति 100 किलोमीटर प्रतिघंटा से ज्यादा था। यही वजह है कि डिवाइडर से टकराने के बाद दोनों खुद को बचा नहीं पाए और सीधे गहरे नाले में समा गए। हादसे में उनकी बाइक के भी परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर परिजनों को हादसे की सूचना दी। दोनों युवकों के परिजन मौके पर ही पहुंच गए। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। पुलिस को लोगों को मौके से हटाना पड़ा। हादसा कैसे हुए पुलिस लगा रही इसका पता... फरहान के परिजनों ने दावा किया कि हादसा एक ऑटो चालक को बचाने के चक्कर में हुआ। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने परिवार को ऐसी ही जानकारी दी। वहीं कुछ लोगों का कहना था कि हादसे की असली वजह रफ्तार थी। यदि दोनों युवकों की रफ्तार कम होती तो शायद उनकी जान बच सकती थी। जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे की सही वजहों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी शर्मा