protest-against-eklavya-school-in-chanho-ranchi-villagers-clash-with-police-a-dozen-injured
protest-against-eklavya-school-in-chanho-ranchi-villagers-clash-with-police-a-dozen-injured 
क्राइम

रांची के चान्हो में एकलव्य विद्यालय का विरोध, ग्रामीणों का पुलिस से टकराव, एक दर्जन घायल

Raftaar Desk - P2

रांची, 7 दिसम्बर (आईएएनएस)। रांची के चान्हो में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के निर्माण का विरोध कर रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच मंगलवार को हुए टकराव में दोनों पक्षों से लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गये। ग्रामीणों ने पुलिस की एक गाड़ी भी क्षतिग्रस्त कर दी है। घटना के बाद चान्हो के सिलागांई गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। इस विद्यालय का शिलान्यास केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने बीते 24 अगस्त को किया था, तब भी उन्हें ग्रामीणों का विरोध झेलना पड़ा था। मंगलवार को जिला प्रशासन ने यहां निर्माण कार्य को लेकर आमसभा का आयोजन कराया था। इस आमसभा में ग्रामीणों से राय ली जानी थी। आमसभा शुरू होने के पहले ही बड़ी संख्या में स्त्री-पुरुष नारेबाजी करते हुए पहुंचे और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इसपर पुलिस ने भी लाठी चार्ज किया। निर्माण कार्य को लेकर विवाद के चलते प्रशासन ने बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी थी। ग्रामीणों का कहना है कि जिस जगह पर विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है, वह शहीद बुधु भगत के स्मारक की जमीन है। बुधु भगत हमारे पूज्य पूर्वज हैं। इस स्थान से हमारी आस्था जुड़ी है। यहां कोई निर्माण कार्य नहीं होने दिया जायेगा। टकराव के बाद आमसभा स्थगित कर दी गयी। बता दें कि 15 दिन पहले भी ग्रामीणों ने निर्माणाधीन एकलव्य विद्यालय की चारदीवारी ध्वस्त कर दी थी और निर्माण कार्य में लगी मशीनों में आग लगा दी थी। इसके दो माह पूर्व ग्रामीणों ने रांची-डालटनगंज मार्ग को लगभग 12 घंटे तक जाम कर दिया था। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय केंद्र सरकार की योजना है। झारखंड में कुल 15 एकलव्य आवासीय विद्यालय बनाये जाने हैं। इन विद्यालयों की स्थापना का उद्देश्य जनजातीय छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। --आईएएनएस एसएनसी/एएनएम