प्रयागराज, 06 अप्रैल (हि.स.)। नवाबगंज थाना क्षेत्र के श्रृंगवेरपुर के समीप सोमवार देर रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे एक शराब माफिया दूसरे ओर से चली गोली से घायल हो गया। पुलिस टीम ने उसके कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस एवं नकली शराब की कुछ बोतले बरामद की है। इसके खिलाफ शराब की तस्करी समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गोली से घायल सराय ममरेज थाना क्षेत्र के चकहोदा गांव निवासी वीरेन्द्र कुमार पटेल पुत्र गया प्रसाद पटेल को उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक गंगा पार धवल जायसवाल ने बताया कि गोली से घायल वीरेन्द्र कुमार पटेल के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सराय ममरेज, नवाबगंज, हण्डिया थाना में मुकदमा दर्ज है। वह सरायममरेज थाने का हिस्ट्रीशीटर है। सोमवार देर रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगा। हालांकि जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/राम बहादुर