jcb-walked-into-the-house-of-the-notorious-crook
jcb-walked-into-the-house-of-the-notorious-crook 
क्राइम

कुख्यात बदमाश के मकान पर चली जेसीबी

Raftaar Desk - P2

उज्जैन, 25 फरवरी (हि.स.)। गुण्डे-बदमाशों के खिलाफ जारी पुलिस के अभियान में गुरूवार को महाकाल क्षेत्र के बेगमबाग में रहने वाले कुख्यात बदमाश के मकान को नगर निगम टीम की जेसीबी से जमींदोज कर दिया । बदमाश पर जिलाबदर के साथ रासुका की कार्यवाही हो चुकी थी और डेढ़ दर्जन से अधिक अपराध दर्ज थे। महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि बेगमबाग क्षेत्र में रहने वाला सोहेल पुत्र अनवर क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है जिसके खिलाफ शहर के अन्य थानों में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए गुण्डा अभियान की सूची में शामिल किया गया था। बदमाशों के खिलाफ जारी अभियान में गुरूवार को सुबह हरिफाटक ब्रिज के नीचे बेगमबाग क्षेत्र में बने उसके मकान को जमींदोज करने की कार्यवाही शुरू की गई है। पुलिस ने उसकी अवैध संपत्ति की जानकारी नगर निगम से मांगी थी। निगम द्वारा मकान अवैध पाए जाने पर नोटिस भी जारी किया था। सुबह सीएसपी एआर नेगी भारी पुलिस बल के साथ बदमाश के मकान पर पहुंचे थे और मकान को खाली कराया गया। उसके बाद तोडऩे की कार्यवाही शुरू की गई है। विदित हो कि पुलिस प्रशासन द्वारा नवंबर माह से ही लगातार गुण्डे बदमाशों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अब तक तीन दर्जन से अधिक गुण्डे-बदमाशों के मकानों को तोड़ा जा चुका है। पुलिस की सूची में अब भी कुछ बदमाशों के नाम शामिल हैं जिनके खिलाफ आगामी दिनों में कार्यवाही की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/गजेंद्र सिंह तोमर/राजू