क्राइम

वर्चस्व की लड़ाई में पूर्व मुखिया की गोली मारकर हत्या

Raftaar Desk - P2

जमुई,29 दिसम्बर (हि.स.)। जिले के चंद्रदीप थाना क्षेत्र के नोनी गांव में मंगलवार की सुबह पूर्व मुखिया निरंजन सिंह की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक निरंजन सिंह पूर्व में दो बार कोल्हाना पंचायत के मुखिया रह चुके हैं। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पूर्व मुखिया निरंजन सिंह हर दिन की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे।इसी दौरान वही 8 से 10 की संख्या में गांव में ही पूर्व से घात लगाकर छुपे अपराधियों ने उनके घर से महज 50 मीटर की दूरी पर गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। मुखिया निरंजन सिंह की हत्या वर्चस्व की लड़ाई में हुई है।स्वजनों के मुताबिक गांव में ही शंभू सिंह से मृतक मुखिया निरंजन सिंह का पुराना विवाद चला आ रहा था।मुखिया की हत्या करने के बाद अपराधियों ने लगभग 15 से 16 राउंड हवाई फायरिंग करते हुए पूरब की दिशा की ओर भाग निकले। उल्लेखनीय है कि जिले में इन दिनों अपराधियों का मनोबल चरम पर है।जमुई जिले में 1 महीने के अंदर लगभग एक दर्जन व्यक्ति की हत्या हो चुकी है।घटना की जानकारी मिलते ही चंद्रदीप थानाध्यक्ष विजय कुमार दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुँचे।वही सदर अनुमंडल पुलिस अधिकारी डॉ.राकेश कुमार ने इस मामले में गहन छानबीन करते हुए अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की बात कही है। हिन्दुस्थान समाचार/मुकेश कुमार-hindusthansamachar.in