criminals-looted-980-lakhs-in-cigarette-company-agent-in-broad-daylight-in-patna
criminals-looted-980-lakhs-in-cigarette-company-agent-in-broad-daylight-in-patna 
क्राइम

अपराधियों ने पटना में दिनदहाड़े सिगरेट कंपनी के एजेंट से 9.80 लाख लूटे

Raftaar Desk - P2

पटना, 07 अप्रैल (हि.स)। पटना में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने सिगरेट कंपनी के एजेंट से 9.80 लाख रुपए लूट लिए। घटना पटना के बाइपास थाना क्षेत्र गुरु गोविंद सिंह लिंक रोड में दोपहर लगभग 1 बजे की है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। सिगरेट कंपनी के एजेंट का नाम जयस गुप्ता है। वह कैश लेकर कंकड़बाग के मलाही पकड़ी जा रहा था। कंपनी का वहीं पर ऑफिस है। रुपए वहीं पहुंचाने थे। लेकिन, उसके पहले ही कांड हो गया। पुलिस की शुरुआती जांच में जो बात सामने आई, उसके मुताबिक जयस गुप्ता पटना सिटी के मालसलामी इलाके का रहने वाला है। एजेंट होने के कारण सिगरेट कंपनी का कैश वही कलेक्ट करता है। मंगलवार को उसने कलेक्शन कर सारा कैश अपने घर पर रख दिया था। आज वह घर से कैश लेकर निकला था। जयस गुप्ता जब पटना साहिब स्टेशन के आरओबी को पार कर गुरु गोविंद सिंह लिंक रोड में पहुंचा तो बाइक सवार तीन अपराधियों ने उसे घेर लिया। फिर उसके पास कैश से भरा बैग लूट कर फरार हो गए। फिलहाल पूरे मामले की जांच चल रही है। लिंक रोड में दुकान और घरों के बाहर लगे सीसीटीवी के फुटेज को खोजा जा रहा है। अपराधियों की पहचान के लिए सबूत भी खोजे जा रहे हैं। एसपी सिटी ईस्ट जितेंद्र कुमार के अनुसार छिनतई की घटना की जांच चल रही है। जल्द ही इस मामले का रिजल्ट भी सामने आ जाएगा। मार्च महीने में कंकड़बाग के कॉलोनी मोड़ पर स्थित एक ज्वेलरी शॉप में लूट हो गई थी। आज तक पटना पुलिस की टीम लुटेरों तक पहुंच नहीं पाई। राजधानी में इस साल सरेराह लूट और छिनतई की कई घटनाएं हो चुकी हैं। हिन्दुस्थान समाचार/ राजेश/चंदा