congressmen-march-on-foot-in-protest-against-inflation-the-effect-of-the-shutdown-was-partial
congressmen-march-on-foot-in-protest-against-inflation-the-effect-of-the-shutdown-was-partial 
क्राइम

महंगाई के विरोध में कांग्रेसियों ने निकाला पैदल मार्च, बंद का असर रहा आंशिक

Raftaar Desk - P2

राजगढ़, 20 फरवरी (हि.स.)। पेट्रोल-डीजल, गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेसियों ने शनिवार को पैदल मार्च निकालकर दुकान बंद करने का आव्हान किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थानीय पीपल चौराहे पर एकत्रित कांग्रेसियों ने महंगाई का विरोध छाती पीट-पीट कर रोते हुए किया। रोज-रोज बढ़ती महंगाई के विरोध में आमजन घरों से निकले और प्रदर्शन में कांग्रेसियों का साथ दिया। महंगाई के विरोध में प्रदेश बंद के समर्थन में कांग्रेसियों ने दुकान-दुकान जाकर बंद करने का आव्हान किया। कांग्रेसियों ने विरोध में शहर के अहिंसाद्वार से पैदल मार्च निकाला, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर स्थानीय पीपल चौराहे पर पहुंचा। कांग्रेसियों ने कहा कि सरकार से हमारी एक ही मांग है कि मोदी जी होश में आओ, जनता को मत रुलाओ। पूरे देश में मप्र. ही पेट्रोल-डीजल पर सबसे अधिक वेट वसूल करने वाला राज्य है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस सहित अन्य खाद्य पदार्थ के दाम बेतहाशा बढ़ रहे हैं, जिससे आमजन परेशान है, सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। महंगाई का सबसे अधिक असर मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। साथ ही बढ़ती हुई बेरोजगारी ने आमजन की कमर तोड़ दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर महंगाई के विरोध में ब्लाॅक कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल सहित अन्य मोर्चा शामिल रहे। हालांकि शहर में बंद का असर कम ही देखने को मिला। प्रदर्शन में प्रमुख रुप से शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक क्रांति, पूर्व विधायक पुरुषोत्तम दांगी, पूर्व नपाध्यक्ष डाॅ.भारत वर्मा, एनएसयूआई अध्यक्ष राहुल दांगी, ज्ञानू विजयवर्गीय, महिला मोर्चा की गंगा चौहान सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/मनोज पाठक