challan-of-vehicle-parked-at-hospital-gate-woman-attacked-policeman
challan-of-vehicle-parked-at-hospital-gate-woman-attacked-policeman 
क्राइम

अस्पताल के गेट पर खड़ी गाड़ी का चालान, महिला ने किया पुलिसकर्मी पर हमला

Raftaar Desk - P2

नई दिल्ली, 03 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल के गेट पर खड़ी गाड़ी का चालान ट्रैफिक पुलिस के जेडओ (एएसआई) ने कर दिया। बस फिर क्या था, फिरोजाबाद, यूपी से बेटे का इलाज कराने आई महिला ने 56 वर्षीय पुलिसकर्मी की नाक पर ऐसा मुक्का जड़ा कि वह खूनमखून हो गए। इसके बाद भी महिला का गुस्सा शांत नहीं हुआ तो उसने चालान मशीन तोड़कर जेडओ की वर्दी भी फाड़ दी। बेचारे जेडओ को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनको छुट्टी दी गई। पीड़ित जेडओ अनिल कुमार की शिकायत पर आईपी इस्स्टेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला सोनाली यादव (30) को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उनको जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित एएसआई अनिल कुमार (56) कमला मार्केट ट्रैफिक सर्किल पर तैनात हैं। मंगलवार को सुबह से शाम तक उनकी ड्यूटी जीबी पंत अस्पताल के पास थी। इस दौरान उन्होंने देखा कि अस्पताल के गेट नंबर-7 के पास यूपी नंबर की एक क्रेटा कार काफी देर से खड़ी है। कार में चालक बैठा हुआ था। जेडओ एएसआई ने चालक से कार की आरसी जब्त कर उसका चालान कर दिया। करीब एक घंटे बाद दोपहर करीब 12.30 बजे कार की मालकिन सोनाली यादव वहां पहुंची और आग बबूला हो गई। उसने अनिल कुमार को धमकाते हुए कहा कि उसकी हिम्मत कैसे हुई उनका चालान काटने की। महिला ने अनिल को जमकर गालियां दी। इसके बाद उनकी नाक पर जोरदार घूंसा मार दिया। इसके बाद भी उसका दिल नहीं भरा तो उसने एएसआई की वर्दी फाड़कर उनकी चालान मशीन भी तोड़ दी। अनिल ने विरोध किया तो महिला कहने लगी कि उसके पति हाईकोर्ट में वकील है। महिला ने अपने कपड़े फाड़ने की धमकी देकर झूठे केस में फंसवाने तक की धमकी दे दी। मामले की सूचना लोकल पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही थाने से पुलिस पहुंची और घायल अनिल को अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में सोनाली यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। सोनाली ने बताया कि वह यूपी के फिरोजाबाद की रहने वाली है। उसके एक साल के बेटे को दिल बीमारी है। उसके इलाज के लिए वह दिल्ली आई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी