क्राइम

आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज

Raftaar Desk - P2

शिमला, 24 जनवरी (हि.स.)। राजधानी के उपनगर खलीणी में युवक के सुसाइड मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। युुवक ने बीते 28 नवंबर 2020 को अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि युवक ने एक आनलाइन एप से लोन लिया था और इसको लेकर युवक को तंग किया जा रहा था। इसके युवक ने आत्महत्या कर दी थी। मृतक युवक शुभम (24) एक निजी कंपनी में काम करता था और वह लोअर खलीणी में अपने परिवार के साथ रहता था। 28 नवंबर को युवक ने घर के एक हिस्से में चुनरी टांग कर फंदा लगाया। पुलिस को युवक के पास से एक सुसाइट नोट मिला था जिसमें लोन का जिक्र किया गया था और कहा था कि इस कारण वह आत्महत्या कर रहा है। हालांकि अब परिजनों ने इसको लेकर पुलिस में आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। परिजनों को युवक के मोबाइल फोन पर एक व्हाट्स ग्रुप मिला है जिसमें युवक के लोन लेने की बात कही गई थी। इस ग्रुप के एडमिन दिल्ली के दो नंबर मिले हैं। यह भी सामने आया है कि इन लोगों ने मृतक युवक के दोस्तों को ग्रुप में जोड़कर युवक को लेकर कई गलत टिप्पणियां की थीं। बेइज्जती करने के कारण युवक ने आत्महत्या कर दी थी। ऐसे में पुलिस ने अब अज्ञात लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। हिन्दुस्थान समाचार/उज्जवल/सुनील-hindusthansamachar.in