accused-of-harassing-woman-and-assaulting-constable-arrested
accused-of-harassing-woman-and-assaulting-constable-arrested 
क्राइम

महिला को परेशान करने और कांस्टेबल पर हमला करने वाला आरोपित गिरफ्तार

Raftaar Desk - P2

नई दिल्ली, 01 मार्च (हि.स.)। दक्षिण जिले के कोटला मुबारकपुर इलाके में एक महिला को परेशान करने और कॉन्स्टेबल पर हमला करने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। उसकी पहचान 40 वर्षीय शिवराम के के रूप में हुई है। वह संगम विहार का रहने वाला है। पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपित ने पिलंजी के नाले में छलांग लगा दी थी, जिसे पकड़ने के लिए कांस्टेबल कूद गया था। इसी दौरान आरोपित ने कांस्टेबल के ऊपर ईंट से हमला कर दिया था, इसके बावजूद घायल कांस्टेबल ने उसे छोड़ा नहीं। डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने सोमवार को बताया पीड़ित महिला बापू पार्क क्षेत्र में रहती है। उसने आरोपित शिवराम के खिलाफ शिकायत दी कि वह उसके साथ गाली गलौच, दुव्यर्वहार और उसका पीछा कर परेशान करता है। जबरन उससे मिलने के लिए दबाव बनाता है। इस शिकायत पर पुलिस आईएनए सर्किल के नजदीक पहुंच गई। यहां पीड़िता के जरिए कॉल कर आरोपित को मिलने के लिए बुलाया गया। जब आरोपित मौके पर पहुंचा तो पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की। ऐसे में आरोपित ने पकड़े जाने से बचने के लिए पिलंजी नाले में छलांग लगा दी। उसे पकड़ने के लिए एक कांस्टेबल नाले में ही कूद गया। तभी आरोपित ने उसके सिर पर ईंट से हमला कर दिया। घायल होने के बाद भी पुलिस कॉन्स्टेबल ने आरोपित को छोड़ा नहीं। इसके बाद लोगों की मदद से आरोपित को काबू में किया गया। पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद आरोपित को पकड़ थाने ले जाया गया, वहीं घायल कांस्टेबल को इलाज के लिए एम्स भेजा गया। इस केस में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को पता चला है आरोपित सिविल डिफेंस में काम करता है, जो इस महिला का पीछा कर उसे अक्सर परेशान करता था। संगम विहार निवासी आरोपित को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी