बाज़ार

RTO के एक कदम से कई Rapido चालक हुए बेरोजगार, जानिए क्या है माजरा

अहमदाबाद, एजेंसी। अहमदाबाद में बगैर अनुमति के चल रही रेपिडो बाइक सर्विस बंद करने का सुभाषब्रिज आरटीओ ने आदेश दिया है। आरटीओ ने रेपिडो के दो वाहनों को जब्त कर 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है। आरटीओ ने कंपनी के नवरंगपुरा स्थित कार्यालय को नोटिस भेजकर सर्विस बंद करने को कहा है।

बाइक टैक्सी के रूप में संचालन कर रही थी

आरटीओ सुभाष देसाई ने बताया कि रेपिडो टू व्हीलर का उपयोग कर बाइक टैक्सी के रूप में संचालन कर रही थी। शिकायत मिलने पर आरटीओ के दो इंस्पेक्टर सीआई मेहरा और एसआर पटेल ने अपने फोन से रेपिडो बाइक टैक्सी बुक किया। पिकअप के लिए आने वाले दोनों बाइक का नंबर कमर्शियल नहीं होने पर दोनों पर कार्रवाई की गई है।

RTO में रजिस्ट्रेशन जरूरी

आरटीओ सुभाष देसाई ने बताया कि यह सर्विस बगैर आरटीओ की सूचना से चल रही थी। नियमानुसार इस तरह की सर्विस से पहले आरटीओ में रजिस्ट्रेशन होना जरूरी रहता है। उन्होंने बताया कि रेपिडो ने 16 मार्च, 2022 को आरटीओ में लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। परिवहन विभाग ने इसे ठुकरा दिया था। इसके साथ ही परिवहन विभाग ने लोगों से रेपिडो के एप्लिकेशन और इसकी सेवा का उपयोग न करने का अपील भी की थी।