news

खानाकुल में भाजपा कार्यकर्ता आत्महत्या मामले पर राजनीति तेज, भाजपा का शव के साथ प्रदर्शन

हुगली, एजेंसी। हुगली जिले के खानाकुल में भाजपा नेता अजय प्रमाणिक की मौत के बाद राजनीति तेज हो गई है। गुरुवार शाम भाजपा नेता के शव को सड़क पर रखकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं का दावा था तृणमूल कांग्रेस के दबाव में आकर अजय प्रमाणिक ने आत्महत्या की है।

वर्ष 2020 में सुदर्शन प्रमाणिक की हुई थी हत्या

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के दौरान खानाकुल भाजपा नेता सुदर्शन प्रमाणिक की बदमाशों ने हत्या कर दी थी। भाजपा ने इस घटना के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाया था। मृत भाजपा नेता के भतीजे अजय प्रमाणिक ने एफआईआर दर्ज करवाई थी। इसके बाद से ही तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय गुंडे अजय प्रमाणिक को धमकी दे रहे थे। उसके बाद से अजय करीब दो साल से इलाका छोड़कर हावड़ा के मुन्सिरहाट में अपने परिवार के साथ रहने लगा था। इसके बाद बुधवार को अजय प्रमाणिक ने विष खा लिया जिससे उसकी मौत हो गई।

 BJP का तृणमूल पर आरोप

घटना को लेकर खानाकुल के भाजपा विधायक सुशांत घोष ने तृणमूल पर निशाना साधते हुए कहा, ''''अजय प्रमाणिक ने तृणमूल नेताओं की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या का रास्ता चुना। इस घटना में पुलिस-प्रशासन कोई उचित कार्रवाई नहीं कर रहा है।इसलिए सड़क पर उतरना पड़ा। मजबूरी में सड़क जाम कर रहे हैं।" हालांकि स्थानीय तृणमूल नेताओं ने भाजपा के आरोपों को खारिज कर दिया।