BJP Candidate List 2023
BJP Candidate List 2023 
news

RJ Election: राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की दूसरी सूची जारी, वसुंधरा सहित 83 उम्मीदवारों के नाम शामिल

नई दिल्ली, (हि.स.)। BJP Candidate List 2023: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में 83 नाम शामिल हैं। शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जारी इस सूची में पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां समेत कई बड़े नेताओं को शामिल किया गया है।

BJP की सूची में दस महिलाएं शामिल

इस सूची में दस महिलाएं शामिल हैं। इनमें अनूपगढ़ से संतोष बावरी, बीकानेर पूर्व से सिद्धी कुमारी, सूरजगढ़ से संतोष अहलावत, अजमेर दक्षिण अनिता भदेल, जायल से मंजू बाघमार, नागौर से डॉ. ज्योति मिर्धा, मकराना से सुमिता भौंचर, सोजत से शोभा चौहान, राजसमंद से दीप्ती महेश्वरी और झालरापाटन से वसुंधरा राजे शामिल हैं। इस सूची में एक भी सांसद के नाम नहीं है और इसमें वसुंधरा राजे के गुट के लोगों को तरजीह दी गई है।

पहली सूची में थे 41 उम्मीदवारों के नाम

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की उपस्थिति में केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में इन उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी गई। इससे पहले जारी पार्टी की पहली सूची में 41 उम्मीदवारों की घोषणा की गई थी। इनमें 7 सांसद भी थे।