bijapur-maoists-brutally-murdered-drg-jawan
bijapur-maoists-brutally-murdered-drg-jawan 
news

बीजापुर : नक्सलियों ने डीआरजी जवान की बेरहमी से की हत्या

Raftaar Desk - P2

बीजापुर/रायपुर, 29 जनवरी (हि.स. )। बीजापुर जिले में नक्सलियों ने डीआरजी जवान की पीट-पीट कर बेरहमी से हत्या कर दी। जवान इससे पहले नक्सली संगठन में ही काम करता था और सरेंडर करने के बाद पुलिस की योजना के तहत भर्ती हुआ था। वारदात जांगला थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम की है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उच्चाधिकारी सूचना मिलाने पर मौके के लिए रवाना हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, कोतरापाल निवासी सोमडु उर्फ मल्लेश डीआरजी में कांस्टेबल पदस्थ था। वह अपने किसी काम से गृहग्राम आया हुआ था। यहां से लौटने के दौरान गुरुवार शाम करीब 5 बजे नक्सलियों ने रास्ते में उसे घेर लिया। नक्सलियों ने उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी। कुछ साल पहले ही सोमुड ने सरेंडर किया था। नक्सलियों की भैरमगढ़ एरिया कमेटी ने इस वारदात की जिम्मेदारी ली है। बीजापुर में चार दिनों में यह चौथी हत्या है। इससे पहले नक्सलियों ने 24 जनवरी को गोपनीय सैनिक की गला रेतकर हत्या कर दी थी। वहीं 25 जनवरी को एक ठेकेदार को बेरहमी से मार दिया था। इसके बाद 27 जनवरी को भी एक बर्खास्त कांस्टेबल का उसके घर में सोते हुए गला रेत दिया गया था। हालांकि पुलिस ने इसे आपसी रंजिश में हत्या होने की बात कही थी। इस संबंध में भी अभी ज्यादा कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है। हिन्दुस्थान समाचार /केशव शर्मा-hindusthansamachar.in