news

यमुना नदी को पार करके हरियाणा से बागपत आए आठ कामगारों को पुलिस ने धरा

Raftaar Desk - P2

यमुना नदी को पार करके हरियाणा से बागपत आए आठ कामगारों को पुलिस ने धरा बागपत, 31मार्च (हि.स.)। जिले के कोतवाली बागपत क्षेत्र में यमुना नदी को नाव से पार करके हरियाणा से बागपत में आए एक बच्चे समेत आठ कामगारों को पुलिस ने धर लिया। पुलिस ने नाविक को हरियाणा वापस भेज दिया। लेकिन जांच पड़ताल के बाद सभी कामगारों को स्यादवाद कालेज आश्रय स्थल भेज दिया है। मंगलवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि कुछ हरियाणा से नाव से यमुना नदी पार करके बागपत में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो नदी किनारे नाव से कामगारों को उतारा जा रहा था। पुलिस को देखते ही नाविक और उसके पीछे तीन युवक भाग निकले। यमुना पर रोके गए कामगारों से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि वह जम्मू कश्मीर में सैलून की दुकान करते थे। इनमें से एक मस्जिद में इमाम है। दारोगा बलराम सिंह ने बताया कि पकड़े गए कामगार की पहचान बिजनौर निवासी रिजवान, दिलशाद, मोहम्मद अलताफ, शाकीम और आठ वर्षीय मोहम्मद समीर तथा मुजफ्फरनगर निवासी मीरहसन, इमाम खुर्शीद आलम लॉकडाउन होने के चलते वहां से पैदल ही निकल लिए। वाहनों में लिफ्ट लेते हुए, कहीं पैदल चलते हुए हरियाणा पहुंच गए थे। हरियाणा से नाव के जरिए यमुना नदी पार करके बागपत पहुंचे है। सभी को स्यादवाद इंस्टीट्यूट में बनाए गए आश्रय स्थल पर भेज दिया गया है। एसडीएम रामनयन ने बताया कि सभी कामगारों को पुलिस की मदद से आश्रय स्थल पहुंचा दिया गया है। वहां पर उनकी खाने-पीने की व्यवस्था होगी। सभी यहां लॉकडाउन की अवधि तक रहेंगे। उधर, कामगारों ने बताया कि पहले तो उन्होंने घंटों तक यमुना पर नाव का इंतजार देखा। एक व्यक्ति नाव लेकर पहुंचा तो उन्होंने यमुना पार करने के एक आदमी के 100 रुपये मांगे थे। इस पर सभी सहमत हो गए और नाविक ने सभी को नाव में बैठा लिया। नाव में बैठकर यमुना पार कर बागपत पहुंचे। हिन्दुस्थान समाचार/ गौरव साहनी-hindusthansamachar.in