Amit Shah
Amit Shah Social Media
news

Manipur: गृहमंत्री की अपील के बाद जमा कराए गए 140 हथियार, सामान्य हो रही स्थिति; कर्फ्यू में भी दी जा रही ढील

नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज डेस्क। मणिपुर के अधिकतर इलाकों में अब स्थिति सामान्य हो रही है। हालात को देखते हुए कर्फ्यू में ढील भी दी जा रही है। बता दें कि इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम और बिष्णुपुर में कर्फ्यू में 12 घंटो की ढील मिलेगी। यहां सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी जाएगी।

कर्फ्यू में दी जा रही ढील

इसके अलावा थौबल और काकिंग में सात घंटे (सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच),जिरिबाम में आठ घंटे (सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे के बीच), चुराचांदपुर और चंदेल में 10 घंटे (सुबह 5 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच), टेंग्नौपाल में 8 घंटे (सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक), फेरजोल में 12 घंटे (सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक) कर्फ्यू में ढील रहेगी और कांगपोकपी में 11 घंटे (सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक) । वहीं तामेंगलोंग, नोनी, उखरुल, सेनापति और कामजोंग में कर्फ्यू हट गया है।

बरामद किए गए हथियार

मणिपुर पुलिस ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह की अपील के बाद मणिपुर में अलग-अलग स्थानों पर 140 हथियार जमा किए गए हैं। इनमें SLR 29, कार्बाइन, इंसास राइफल,एके, इंसास एलएमजी,.32 पिस्टल, एम16 राइफल, .303 राइफल, 9 एमएम पिस्टल, स्मोक गन और आंसू गैस, स्थानीय निर्मित पिस्तौल, स्टन गन, संशोधित राइफल, ग्रेनेड लांचर और JVP शामिल हैं।