नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। टीवी रिएलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ का नाम सुनते ही दिमाग में ड्रामा, तकरार और तंज का तूफान आना लाजमी है। लेकिन इस बार जो हुआ, उसने शो के दर्शकों को भी हिलाकर रख दिया। शहनाज गिल के भाई शहबाज बदेशा और कंटेस्टेंट फरहाना भट्ट के बीच हुई एक बहस ने बिग बॉस के घर का माहौल पूरी तरह से बदल दिया है। इस विवाद की गूंज घर की दीवारों से निकलकर सोशल मीडिया तक पहुंच गई, जहां अब शहबाज की गर्लफ्रेंड कशिश अग्रवाल ने मोर्चा संभाल लिया है।
शहबाज के सपोर्ट में आई गर्लफ्रेंड कशिश अग्रवाल
दरअसल, हालिया एपिसोड में फरहाना और शहबाज के बीच बहस के दौरान मामला इतना बिगड़ा कि फरहाना ने हदें पार करते हुए शहबाज के लुक्स पर तंज कस दिया। उन्होंने शहबाज को ‘गेंडा’ कह डाला और यहां तक कह दिया कि उनके सिर के बाल नकली हैं। फरहाना के ये शब्द जैसे ही दर्शकों तक पहुंचे, सोशल मीडिया पर गुस्से की लहर दौड़ गई। लेकिन असली तूफान तो तब उठा जब शहबाज की गर्लफ्रेंड कशिश अग्रवाल ने इस पूरे प्रकरण पर अपनी प्रतिक्रिया दी। कशिश ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट शेयर करते हुए फरहाना को जमकर लताड़ा और शो के मेकर्स से न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने लिखा, “सभी लोग बॉडी शेमिंग के खिलाफ बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन जब शहबाज के साथ यही किया गया तो सबकी जुबान क्यों बंद है? किसी की बॉडी का मजाक उड़ाना, उसे ‘गेंडा’ कहना या बालों को नकली बताना ये मजाक नहीं, बदतमीजी है।”
कशिश इसके बाद भी चुप नहीं रहीं, वे आगे लिखती
हैं, “शहबाज मजबूत हैं, वो जवाब देना जानते हैं। लेकिन मैं सलमान सर और बिग बॉस टीम से रिक्वेस्ट करती हूं कि इस बार वीकेंड का वार में फरहाना को जरूर टोकें। पिछली बार भी सलमान सर ने उसे डांटा था, पर लगता है उसे कोई फर्क नहीं पड़ा। शो में इस तरह गिरना वाकई शर्मनाक है।”कशिश की इस पोस्ट के बाद जैसे फैंस का गुस्सा और भड़क गया। सोशल मीडिया पर फरहाना के खिलाफ जमकर प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कई यूजर्स ने फरहाना को टॉक्सिक कंटेस्टेंट बताया, वहीं कुछ ने कशिश के साहस और शहबाज के प्रति उनके स्टैंड की तारीफ की।
गौरतलब है कि पिछले वीकेंड का वार एपिसोड में भी सलमान खान ने फरहाना को उनके कटु शब्दों और झगड़ालू रवैये के लिए जमकर फटकार लगाई थी। उन्होंने उन्हें चेतावनी देते हुए कहा था कि किसी की बेइज्जती करना एंटरटेनमेंट नहीं है। पर लगता है, फरहाना पर सलमान की वह डांट किसी असरदार सबक में नहीं बदली।
अब दर्शकों की निगाहें इस हफ्ते के वीकेंड का वार पर टिकी हैं। क्या सलमान खान फिर से फरहाना को आइना दिखाएंगे? क्या कशिश की अपील पर बिग बॉस टीम सख्त कदम उठाएगी? ये सवाल अब हर फैन के मन में गूंज रहे हैं। आपको बतादें कि फरहाना भट्ट इस सीजन की शुरुआत से ही शो में अपनी बेबाकी और आक्रामकता के लिए जानी जाती हैं, जबकि शहबाज बदेशा ने कुछ हफ्ते पहले वाइल्ड कार्ड के रूप में एंट्री लेकर शो में नई ऊर्जा भरी थी। लेकिन अब इस विवाद ने दोनों की छवि पर असर डाल दिया है।





