बिहार में लगभग आधे दिन की वोटिंग खत्म हो जाने के बाद मतदान प्रतिशत में थोड़ी तेजी नजर आई है। दोपहर 1 बजे तक 42.31 प्रतिशत मतदान हुआ है।
बिहार में मतदान की रफ्तार सुस्त नजर आ रही है। सुबह 11 बजे तक पूरे बिहार में 27.65 प्रतिशत मतदान हुआ है। सबसे ज्यादा वोटिंग बेगूसराय जिले में हुई है जिसका प्रतिशत 30.37 है। जबकि राजधानी पटना में केवल 23.71 प्रतिशत मतदान हुआ है।
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए चल रही वोटिंग के शुरुआती 2 घंटे पूरे हो चुके हैं। सुबह 9 बजे तक बिहार में 13.13 प्रतिशत मतदान हुआ है। सबसे ज्यादा 15.27 प्रतिशत मतदान सहरसा में हुआ है।
वोट डालने मतदान केंद्र पहुंचे तेजस्वी यादव ने अपनी जीत की हुंकार भरते हुए कहा कि इस बार बिहार की जनता बदलाव चाहती है। तेजस्वी के साथ उनका पूरा परिवार भी साथ रहा।
वोटिंग की शुरुआत से ही कई दिग्गजों ने चुनावी मैदान में भाग लेते हुए वोट दिया। मौजूदा डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने लखीसराय में वोट दिया। इसके अलावा छपरा से सियासी किस्मत आजमा रहे खेसारी लाल यादव ने भी वोट दिया। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने मतदान करने के बाद तेजस्वी यादव और तेज प्रताप दोनों बेटों को जीत का आर्शीवाद दिया।
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण की वोटिंग की प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरू हो चुकी है। बिहार की 243 विधानसभा सीटों की 121 सीटों पर आज उम्मीदवारों की किस्मत पर ताला लग जाएगा।





