नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में महागठबंधन का प्रचार कांग्रेस प्रमुखता से करेगी। पार्टी अपने मुद्दों को गठबंधन के चुनावी घोषणा पत्र में भी शामिल कराएगी। कांग्रेस महासचिव नासिर हुसैन ने गुरुवार को यह जानकारी दी। राजनीतिक गलियारों में इस कदम को लेकर पहले ही चर्चाएँ तेज हो गई हैं।
कहा जा रहा है कि, कांग्रेस ने महागठबंधन में नेतृत्व की बागडोर को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को स्पष्ट संकेत दे दिया है। हालांकि, मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में तेजस्वी यादव की घोषणा पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अब तक चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे गठबंधन में रणनीतिक संतुलन पर चर्चा तेज हो गई है।
अति पिछड़ा वर्ग के आरक्षण वृद्धि के संकल्प
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर कांग्रेस महासचिव नासिर हुसैन ने पटना के सदाकत आश्रम में गुरुवार को प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने मुद्दों को महागठबंधन के मैनिफेस्टो में शामिल कराएगी और सत्ता में आने पर वादों को पूरा करेगी। नासिर ने अति पिछड़ा वर्ग के आरक्षण वृद्धि के संकल्प को दोहराया, जो पहले कर्नाटक और तेलंगाना में लागू किया जा चुका है और अब बिहार में भी लागू होगा।
महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर भी अटकी बात
बिहार में अगले महीने विधानसभा चुनाव की घोषणा हो सकती है। महागठबंधन में सीट शेयरिंग और मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर जटिलता नजर आ रही है। कांग्रेस ने 76 सीटों की लिस्ट तेजस्वी यादव को सौंपी है और चेतावनी दी है कि अगर सीट वितरण में देरी हुई, तो वह 30 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का प्रचार शुरू कर देगी।
सीएम फेस पर कांग्रेस का सस्पेंस
आरजेडी और वीआईपी तेजस्वी यादव को बिहार चुनाव में महागठबंधन का सीएम फेस बनाने पर जोर दे रही हैं, जबकि कांग्रेस इस पर चुप्पी साधे हुए है। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु तक तेजस्वी को सीएम घोषित करने के सवाल को टाल रहे हैं। अल्लावरु ने बुधवार को पटना में कहा कि अभी मुख्यमंत्री चेहरा नहीं, बल्कि वोट सुरक्षा प्रमुख मुद्दा है।





