नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। एक्टर राम चरण की फिल्म ‘गेम चेंजर’ ने बॉक्स ऑफिस पर जिस अंदाज से एंट्री मारी थी, उसे लेकर लगा था कि ये अच्छा बिजनेस करेगी। लेकिन तीसरे दिन वीकेंड होने के बावजूद फिल्म के कलेक्शन में गिरावट दर्ज हुई है। हालांकि यह फिल्म 100 करोड़ के आंकड़े से इंचभर ही दूर है।
तीसरे दिन इतनी रही गेम चेंजर की कमाई
शंकर द्वारा निर्देशित ‘गेम चेंजर’ एक पॉलिटिकल थ्रिलर मूवी है। जिसमें एक्टर राम चरण ने पिता और बेटे का डबल रोल निभाया है। फिल्म में कियारा आडवाणी, अंजलि, समुथिरकानी, एसजे सूर्या, श्रीकांत, सुनील और जयराम ने महत्वपूर्ण किरदार निभाए हैं। ‘गेम चेंजर’ ने ओपनिंग डे पर अच्छी कमाई की थी, रिलीज के पहले दिन 51 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ था। दूसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म की कमाई में 57.65 प्रतिशत गिरावट के साथ 21.60 करोड़ रुपये का बिजनेस हुआ। वहीं फिल्म की रिलीज के तीसरे दिन यानी रविवार को 17 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है। इसके साथ अब ‘गेम चेंजर’ की तीन दिनों की कुल कमाई 89.6 करोड़ रुपये हो गई है।
किस भाषा में कितनी कमाई
इस फिल्म ने तेलुगु भाषा में 61.75 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है। तमिल में 5.02 करोड़ रुपये तो वहीं हिंदी में फिल्म ने तीन दिनों में 22.5 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। कन्नड़ भाषा में इस फिल्म ने 0.3 करोड़ और मलयालम में सिर्फ 0.03 करोड़ का कारोबार ही कर सकी है।
फिल्म इंडियन 2 की कमाई को को छोड़ा पीछे
शंकर निर्देशित ‘गेम चेंजर’ ने कमल हासन स्टारर फिल्म इंडियन 2 की कमाई को पीछे छोड़ दिया है। बता दें कि एक्शन थ्रिलर इंडियन 2 ने भारत में 82 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। वहीं दुनिया भर में फिल्म ने148 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। वहीं ‘गेम चेंजर’ ने तीन दिन में तकरीबन 90 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। उम्मीद है कि यह फिल्म जल्द ही 100 करोड़ का आंकड़ा भी पार कर लेगी।
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो यह फिल्म करीब 400 करोड़ के बजट में बनी है। ऐसे में संडे टेस्ट में फेल होने के बाद अब मेकर्स की चिंता भी बढ़ गई है। हांलाकि उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में फिल्म अच्छा प्रदर्शन करेगी।





