नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर गुरुवार को उनके बांद्रा स्थित आवास पर हमला हुआ। घटना में एक शख्स ने घर में घुसकर अभिनेता पर हथियार से जानलेवा हमला किया। जिसमें उनके गले, पैर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई थीं। जिसके बाद सैफ को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां उनका इलाज जारी है। अब उनके करीबी लगातार उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंच रहे हैं। अस्पताल की तरफ से उनके स्वास्थ्य को लेकर अपडेट दिया है। बताया गया कि सर्जरी के बाद उनकी हालत में सुधार हो रहा है।
लीलावती अस्पताल के मुख्य परिचालन अधिकारी डॉ. नीरज उत्तमानी ने जानकारी देते हुए बताया कि सैफ अली खान की चोटें गंभीर थीं, जिसके बाद तुरंत उनकी सर्जरी की गई। वह फिलहाल आईसीयू में हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। हमें उम्मीद है कि एक या दो दिन में उन्हें सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाएगा। वे 24 घंटे डॉक्टर्स की निगरानी में हैं। गौरतलब है कि गुरुवार की सुबह एक अज्ञात शख्स ने अभिनेता सैफ अली खान पर हमला किया और चाकू से उनके गले, पैर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें पहुंचाई। घटना के तुरंत बाद उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की एक टीम ने जटिल न्यूरोसर्जिकल प्रक्रिया में चाकू को सफलतापूर्वक निकाला।
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान खान को छह बार चाकू से वार किया गया था, जिसमें उनकी पीठ पर दो गहरे घाव शामिल थे, जिनमें से एक उनकी रीढ़ की हड्डी के बहुत करीब था। सबसे ज़्यादा चिंता की बात यह थी कि चाकू का टुकड़ा खान की वक्षीय रीढ़ के पास धंसा हुआ था, जिससे रीढ़ की हड्डी को नुकसान पहुंच सकता था।
मुंबई पुलिस कर रही मामले की जांच
वहीं, इस हमले को लेकर मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, सीसीटीवी फुटेज का खंगाले जा रहे हैं और हमलावर की पहचान करने के लिए कर्मचारियों के बयान दर्ज किए हैं। प्रारंभिक निष्कर्षों से पता चलता है कि हमलावर ने हमले से पहले इमारत में प्रवेश किया हो सकता है, क्योंकि घटना से पहले के कुछ घंटों में कोई बाहरी व्यक्ति के आने का रिकार्ड नहीं है। फिलहाल, हमले का मकसद अभी भी स्पष्ट नहीं है।
परिवार और करीबी पहुंचे अस्पताल
सैफ अली खान का परिवार और उनके करीबी लोग लगातार उनका हालचाल जानने के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। उनकी मां शर्मिला टैगोर, बेटे से मिलने के लिए लीलावती अस्पताल पहुंचीं। उनके चेहरे पर चिंता की झलक साफ देखी जा सकती थी। करीना कपूर के भाई रणबीर कपूर अपनी पत्नी आलिया भट्ट के साथ अस्पताल पहुंचे। वहीं सैफ की बेटी सारा अली खान और बेटा इब्राहीम अली खान भी रात के समय अस्पताल पहुंचे थे। दोनों को अस्पताल के बाहर देखा गया। इसके अलावा, सैफ की बहन सोहा अली खान भी अपने पति कुणाल खेमू के साथ भाई से मिलने अस्पताल पहुंची थीं। इस कठिन समय में सैफ की पत्नी और एक्ट्रेस करीना कपूर खान बहुत परेशान हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए एक स्टेटमेंट जारी किया, जिसमें उन्होंने निवेदन किया कि इस वक्त उन्हें प्राइवेसी चाहिए और इस मामले की मीडिया कवरेज कम की जाए। इस बीच अन्य सेलेब्रिटीज भी उनका हाल जानने के लिए अस्पताल आ रहे हैं।




