नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सीटों के बंटवारे को लेकर एनडीए और महागठबंधन दोनों खेमों में अंदरूनी खींचतान जारी है। एक तरफ कोई दल ज्यादा सीटों की मांग कर रहा है, तो दूसरी तरफ कुछ को खास सीटें चाहिए। इसी बीच चर्चा है कि क्या मुकेश सहनी और चिराग पासवान अपनी-अपनी पार्टियों को छोड़कर जन सुराज पार्टी से हाथ मिलाएंगे? इन तमाम अटकलों पर मंगलवार की रात को प्रशांत किशोर ने साफ जवाब देते हुए तमाम कयासों पर विराम लगा दिया।
प्रशांत किशोर ने कहा, “इसमें नया क्या है? ये सीटों के बंटवारे का झगड़ा नहीं, बल्कि बिहार को लूटने की होड़ है। जिसे जितनी सीटें मिलेंगी, वो उतना बड़ा हिस्सा ले जाएगा।” उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि जन सुराज पार्टी किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि “हम पहले ही कह चुके हैं कि जन सुराज का गठबंधन सिर्फ जनता के साथ है। हम 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेंगे। जनता ने साथ दिया, तो बिहार को सुधारने की पूरी कोशिश करेंगे।” इस बयान के बाद यह तय हो गया है कि जन सुराज पार्टी अपने दम पर मैदान में उतरेगी और किसी भी राजनीतिक समीकरण में शामिल नहीं होगी।
उम्मीदवारों की घोषणा और लालू के बयान पर बोले प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर ने साफ कर दिया कि उनकी पार्टी 9 अक्टूबर को उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। वहीं, लालू प्रसाद यादव के उस बयान पर भी पीके ने प्रतिक्रिया दी जिसमें उन्होंने कहा था कि “14 नवंबर को एनडीए सरकार खत्म हो जाएगी और महागठबंधन की सरकार बनेगी।” इस पर प्रशांत किशोर ने कहा, “लालू यादव खुद 14-15 साल बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। अब 14 तारीख को किसकी सरकार जाएगी, किसकी आएगी, यह जनता तय करेगी।”
वोटिंग में बुर्का जांच पर क्या बोले PK?
जब पत्रकारों ने पूछा कि कुछ दल बुर्का पहनकर वोट देने वालों की जांच की मांग कर रहे हैं, तो इस पर प्रशांत किशोर ने दो टूक कहा “हर मतदाता की ठीक से जांच होनी चाहिए, लेकिन जबरदस्ती इसे हिंदू-मुस्लिम, बुर्का या साड़ी का मुद्दा बनाना गलत है। वोटिंग की प्रक्रिया निष्पक्ष और सम्मानजनक होनी चाहिए।”





