नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी बयान सामने आया है। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी ने ऐसा दावा किया है, जिससे बीजेपी और जेडीयू दोनों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मुकेश सहनी ने कहा है कि बीजेपी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कुर्सी से हटाकर अपना मुख्यमंत्री बनाने की तैयारी में है।
बिहार में जल्द होगा बड़ा खेला
बुधवार 17 दिसंबर, 2025 को बातचीत के दौरान मुकेश सहनी ने कहा, बिहार में जल्द बड़ा खेला होने वाला है। नीतीश कुमार को आज हटाना है, कल हटाना है या परसों हटाना है, ये बीजेपी को तय करना है। उनके इस बयान के बाद राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
महागठबंधन के समर्थन पर दिया बड़ा संकेत
मुकेश सहनी ने कहा कि नीतीश कुमार के लिए उनके दिल में हमेशा सम्मान रहेगा। उन्होंने कहा,“नीतीश कुमार हमारे लिए अभिभावक जैसे हैं। हम कभी नहीं चाहेंगे कि उनके साथ कुछ गलत हो। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर नीतीश कुमार को महागठबंधन के समर्थन की जरूरत पड़ी, तो महागठबंधन इस पर जरूर विचार करेगा।
बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप
वीआईपी प्रमुख ने बीजेपी पर नीतीश कुमार को धीरे-धीरे अलग-थलग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले बीजेपी नीतीश कुमार के आसपास अपने लोग रखती थी ताकि वे कोई ऐसा बयान न दें जिससे विवाद हो। अब बीजेपी ने उन्हें अकेला छोड़ दिया है। मुकेश सहनी ने नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का जिक्र करते हुए कहा कि महिला डॉक्टर का हिजाब खींचने की घटना को लेकर बीजेपी चाहती थी कि यह संदेश जाए कि नीतीश कुमार अस्वस्थ हैं। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार सच में अस्वस्थ हैं, लेकिन बीजेपी इस स्थिति का राजनीतिक फायदा उठाकर उन्हें बदनाम करना चाहती है।
”बीजेपी अपना मुख्यमंत्री बनाना चाहती है”
मुकेश सहनी ने आगे कहा कि बीजेपी जनता के बीच यह मैसेज देना चाह रही है कि नीतीश कुमार को हटाकर अपना मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। उनका दावा है कि इसके लिए बीजेपी को जेडीयू तोड़ने की जरूरत भी नहीं है, क्योंकि नीतीश के बाद जेडीयू के कई बड़े नेता बीजेपी से मैनेज हो चुके हैं। मुकेश सहनी के बयान पर जेडीयू ने कड़ा जवाब दिया है। जेडीयू प्रवक्ता अरविंद निषाद ने कहा, बिहार की जनता ने 2025 से 2030 तक के लिए नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री चुना है। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे, हैं और रहेंगे। वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और हर दिन प्रशासनिक कामों को अच्छे से कर रहे हैं।





