नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बॉलीवुड की चमक-दमक और मॉडलिंग की दुनिया में ‘बिजली’ के नाम से मशहूर एक्ट्रेस संगीता बिजलानी एक मुश्किलों में फंस गई हैं। एक्ट्रेस के पुणे जिले के मावल स्थित फार्महाउस में चोरी और तोड़फोड़ की वारदात को अंजाम दिया गया है। चोरों ने पूरे फॉर्महाउस में जमकर उत्पात मचाया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मामले में पुणे पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस वारदात के बारे में तब पता चला जब एक्ट्रेस कई महीनों बाद अपने फॉर्महाउस पर पहुंचीं। अधिकारी के मुताबिक, यह घटना तब सामने आई जब संगीता बिजलानी चार महीने बाद टिकोना गांव स्थित अपने फार्महाउस पहुंचीं।
पुलिस को दी गई शिकायत में संगीता बिजलानी ने बताया कि, जब वह इस घटनास्थल पर पहुंची तो फार्महाउस का मुख्य दरवाजा और खिड़की की ग्रिल टूटी हुई मिली, एक टेलीविजन गायब था और कई घरेलू सामान जैसे पलंग, फ्रिज और CCTV कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए गए थे।
घटना के बाद संगीता बिजलानी ने क्या बतााया
संगीता बिजलानी ने पुणे ग्रामीण पुलिस एसपी को लिखे शिकायती आवेदन में बताया है कि, वह अपने पिता की तबीयत खराब होने के कारण फार्महाउस पर पिछले कुछ महीनों से नहीं आ सकी थीं। उन्होंने बताया, ‘आज मैं अपनी दो घरेलू सहायकों के साथ फार्महाउस पहुंची।
फार्महाउस का सारा सामान बिखरा हुआ मिला
वहां पहुंचकर देखा कि मुख्य दरवाजा टूटा हुआ था। अंदर जाने पर विंडो की ग्रिल टूटी हुई मिली, एक टेलीविजन गायब था और दूसरा टूटा हुआ था।’उन्होंने बताया कि ऊपर की मंजिल में सब कुछ बिखरा हुआ था, बिस्तर टूटे हुए थे और कई घरेलू सामान और कीमती वस्तुएं या तो गायब थीं या क्षतिग्रस्त कर दी गई थीं।
लोनावला पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक दिनेश तायडे ने एक मीडिया समाचार को बताया कि, घटना की जांच के लिए एक टीम मौके पर भेजी गई है। उन्होंने कहा, ‘जैसे ही नुकसान और चोरी का आकलन पूरा होगा, हम औपचारिक तौर पर केस दर्ज किया जाएगा।
बता दें कि, संगीता बिजलानी ने महज 16 साल की उम्र में मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा था। एक्ट्रेस ने 1980 में मिस इंडिया का खिताब जीतने के बाद बॉलीवुड के तर्ज पर आगे बढ़ी। जिसके बाद उन्होंने ‘त्रिदेव’, ‘विष्णु देवा’, और ‘युगांधर’ जैसी फिल्मों में काम किया।





