नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। हैदराबाद के शमशाबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक साथ तीन विमानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। यह धमकी सोमवार को ईमेल के जरिए एयरपोर्ट प्रशासन को मिली, जिसके बाद पूरे एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया।
इंडिगो फ्लाइट पर आई आफत
धमकी इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E-7178, लुफ्थांसा की फ्लाइट LH-752 और ब्रिटिश एयरवेज की लंदन से हैदराबाद आने वाली फ्लाइट को लेकर दी गई थी। जैसे ही यह जानकारी मिली, तुरंत सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं और आपातकालीन सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए। तीनों विमान पूरी सतर्कता के साथ सुरक्षित रूप से हैदराबाद एयरपोर्ट पर उतारे गए। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को तुरंत विमानों से उतारकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। सबसे पहले उन्हें आइसोलेशन एरिया में रखा गया ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचाया जा सके।
ईमेल पर आई धमकी
इसके बाद बम स्क्वॉड, सीआईएसएफ, स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तीनों विमानों की गहन तलाशी शुरू की। स्निफर डॉग्स की मदद से यात्रियों के सामान, कार्गो एरिया और विमान के हर हिस्से की जांच की गई। अधिकारियों का कहना है कि अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर जांच जारी है। धमकी भरा मेल एयरपोर्ट की कस्टमर सपोर्ट ईमेल आईडी पर भेजा गया था। अब साइबर टीम भी इस ईमेल की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसके पीछे किसकी साजिश है।धमकी भरा मेल एयरपोर्ट की कस्टमर सपोर्ट ईमेल आईडी पर भेजा गया था। अब साइबर टीम भी इस ईमेल की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसके पीछे किसकी साजिश है। इस घटना का असर कुछ देर के लिए एयरपोर्ट के परिचालन पर भी पड़ा और कई उड़ानों में देरी हुई। पहले से ही चल रहे इंडिगो एयरलाइन संकट के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में इस धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चुनौती और बढ़ा दी। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को भरोसा दिलाया है कि उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा रहा। फिलहाल, स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में बताई जा रही है।





