Shekhar Ravjiani Birthday: रियलिटी शो से शुरू हुआ सफर, विशाल ददलानी के साथ बनी सुपरहिट जोड़ी

बॉलीवुड सिंगर और म्यूजिक कंपोजर शेखर रवजियानी का आज जन्मदिन हैं। उन्‍होंने विशाल ददलानी के साथ कई सुपरहिट गाने दिए हैं।

1
Shekhar Ravjiani Birthday
Shekhar Ravjiani Birthday

नई दिल्‍ली / रफ्तार डेस्‍क । आज ही के दिन 29 नवंबर 1978 को गुजरात के कच्छ में जन्‍मे शेखर रवजियानी भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री के जाने-माने गायक और संगीतकार हैं। शेखर ने अपनी कला और काबिलियत से इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई, लेकिन जब वे विशाल ददलानी के साथ जुड़ते हैं, तो यह जोड़ी सच में जादू कर देती है। ‘विशाल-शेखर’ की जोड़ी बॉलीवुड म्यूजिक की सबसे लोकप्रिय जोड़ियों में से एक मानी जाती है। शेखर ने अपने करियर की शुरुआत रियलिटी शो के मंच से की थी, जहां उनकी प्रतिभा ने दर्शकों का ध्यान खींचा। इसके बाद विशाल के साथ मिलकर उन्होंने कई हिट म्यूजिक एल्बम और फिल्मों के लिए संगीत दिया, जिससे उन्हें इंडस्ट्री में स्थायी पहचान मिली। आइए जानते हैं यह जोड़ी कैसी बनी और बॉलीवुड इंडस्ट्री में कैसे कदम रखा।

पिता ने पहचाना शेखर का हुनर

शेखर रवजियानी को बचपन से ही संगीत में गहरी रुचि थी। उनके पिता ने इस हुनर को समझा और बेटे का समर्थन किया। पिता के सहयोग और मार्गदर्शन से शेखर को संगीत की दुनिया में कदम रखने के अवसर मिलते गए। शेखर के पिता ने उन्हें उस्ताद नियाज अहमद खान से शास्त्रीय संगीत की तालीम दिलवाई, जिससे उनकी बुनियादी काबिलियत और गहरी हुई। इसके बाद शेखर ने रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा’ में प्रतिभागी के रूप में हिस्सा लिया। यही वह मंच था जिसने उनके करियर की नींव रखी। शेखर रवजियानी अपने आप में बेहद हुनरमंद गायक हैं। लेकिन जब उन्होंने विशाल ददलानी के साथ हाथ मिलाया, तब उन्हें असली पहचान मिली। आज भी लोग ‘विशाल-शेखर’ की जोड़ी को एक साथ देखना और सुनना पसंद करते हैं। दोनों का नाम एक के बिना अधूरा सा लगता है।

वर्षों पुराना है विशाल-शेखर का रिश्ता

शेखर रवजियानी और विशाल ददलानी की दोस्ती और पेशेवर साझेदारी का सफर सालों पुराना है। दोनों की मुलाकात इंडस्ट्री में कदम रखने से पहले ही हो चुकी थी, क्योंकि वे बचपन के दोस्त हैं। यही वजह है कि उन्होंने एक-दूसरे के साथ सहजता और समझदारी से काम करना शुरू किया। साल 1997 में शेखर को फिल्म ‘प्यार में कभी भी’ में गाने के लिए बुलाया गया। रिकॉर्डिंग स्टूडियो पहुँचने पर उन्हें पता चला कि विशाल को भी उसी फिल्म में गाने का मौका मिला है। इसके बाद दोनों ने साथ में गाना रिकॉर्ड किया और यहीं से विशाल-शेखर की जोड़ी हिट हो गई। तब से आज तक दोनों की जोड़ी बॉलीवुड संगीत की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में गिनी जाती है।

खूब हिट हैं विशाल-शेखर के गाने

विशाल और शेखर की जोड़ी ने बॉलीवुड में अपनी धाक जमाई है। दोनों गायक सगे भाइयों की तरह रहते हैं और उनके बीच किसी भी तरह की गलतफहमी का नामो-निशान नहीं है। यही मजबूती उनके संगीत में भी दिखाई देती है। इन्होंने कई हिट गाने दिए हैं जो आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। इनमें एक अजनबी, डर्टी पिक्चर, बैंग-बैंग, गिप्पी, जिंदा, रा-वन, शादी के लड्डू, शब्द, स्लाम-नमस्ते, ओम शांति ओम, हैप्पी न्यू ईयर, टशन, तीसमारखां, हैट्रिक, कर्म और नॉक आउट शामिल हैं। इन गानों ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर धमाका किया, बल्कि विशाल-शेखर की जोड़ी को संगीत प्रेमियों के बीच पसंदीदा जोड़ियों में शुमार कर दिया।