नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । तमिलनाडु के करूर जिले में टीवीके प्रमुख और अभिनेता विजय की रैली के दौरान मची भगदड़ में 39 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद अस्पतालों में अफरा-तफरी मच गई है। घायलों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन है।
तमिलनाडु के करूर हादसे के बाद हालात इतने भावुक हो गए कि राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री अंबिल महेश पोय्यामोझी भी अपने आंसू नहीं रोक सके। एक वीडियो में मंत्री भावुक होकर रोते नजर आ रहे हैं, जो इस त्रासदी की गंभीरता और पीड़ा को दर्शाता है।
तमिलनाडु के करूर जिले में हुई भगदड़ ने पूरे प्रदेश को सदमे में डाल दिया है। आम जनता से लेकर नेता तक, हर कोई इस त्रासदी से व्यथित है। स्कूल शिक्षा मंत्री अंबिल महेश पोय्यामोझी जब अस्पताल पहुंचे और मासूम बच्चों के शव देखे, तो वे खुद को संभाल नहीं पाए और भावुक होकर रो पड़े।
भगदड़ मामले पर क्या बोले राज्य के डीजीपी?रूर भगदड़ को लेकर पत्रकारों से बात करते हुए तमिलनाडु के डीजीपी वेंकटरमन ने पुष्टि की कि इस दर्दनाक हादसे में कुल 39 लोगों की जान गई है, जिनमें 13 पुरुष, 16 महिलाएं, 5 लड़के और 5 लड़कियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि रैली के लिए लाइटहाउस गोलचक्कर और उझावा मार्केट इलाके में अनुमति ली गई थी, जो सामान्यतः अत्यधिक भीड़भाड़ वाला क्षेत्र माना जाता है। डीजीपी ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच की बात भी कही है।
सीएम स्टालिन ने घायलों से की मुलाकात
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने करूर में हुई भयावह भगदड़ के बाद सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का दौरा कर घायलों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों के प्रति संवेदना जताते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। तमिलनाडु के प्रभारी DGP जी. वेंकटरमण ने पुष्टि की कि TVK प्रमुख और अभिनेता विजय के एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान हुई भगदड़ में 39 लोगों की मौत हुई है।
सीएम स्टालिन बोले- इस हादसे का वर्णन करने में असमर्थ
करूर भगदड़ को लेकर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मैं गहरे दुख के साथ यहां खड़ा हूं। करूर में हुई भीषण दुर्घटना का वर्णन करना भी कठिन है।” स्टालिन ने बताया कि कल शाम करीब 7:45 बजे, जब वे चेन्नई में अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे, तभी उन्हें इस दर्दनाक हादसे की जानकारी मिली। मुख्यमंत्री ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ितों की हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
सीएम एम.के. स्टालिन ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने बताया, “जैसे ही मुझे हादसे की सूचना मिली, मैंने तुरंत पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी को फोन किया, उनसे पूरे मामले की जानकारी लेने और अस्पताल पहुंचने का निर्देश दिया।” उन्होंने आगे कहा, “जब मैंने मृतकों की संख्या के बारे में सुना, तो हालात की गंभीरता को देखते हुए आस-पास के मंत्रियों को तुरंत करूर रवाना होने का आदेश दिया।” मुख्यमंत्री ने हालात पर तत्काल नियंत्रण और प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
हादसे पर क्या बोले एक्टर विजय?
करूर की चुनावी रैली में हुई भगदड़ पर टीवीके प्रमुख और अभिनेता विजय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। विजय ने एक ट्वीट में कहा, “मैं असहनीय, अवर्णनीय पीड़ा और दुःख में हूं। इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।” उन्होंने करूर में जान गंवाने वाले अपने ‘प्यारे भाइयों और बहनों’ के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना और सहानुभूति प्रकट की।
मैं अस्पताल में इलाज करा रहे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। बता दें कि भगदड़ में अब तक 39 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इसमें मरने वालों में 8 बच्चे और 16 महिलाएं शामिल हैं।





