नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क । फिल्म ओ रोमियो के छोटे रोल में नजर आए एक्टर हुसैन दलाल ने फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि फिल्म को हाल की बड़ी हिट जैसे धुरंधर या एनिमल से तुलना करना सही नहीं होगा। विशाल भारद्वाज के निर्देशन और शाहिद कपूर की मुख्य भूमिका के बावजूद ‘ओ रोमियो’ को अब तक दुनिया भर में ₹100 करोड़ का आंकड़ा पार नहीं कर सका है। इसके बावजूद हुसैन दलाल इस बॉक्स ऑफिस सफर से निराश नहीं हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि फिल्म की सफलता को उसकी अपनी ताकत और कहानी के आधार पर आंका जाना चाहिए, न कि सिर्फ बड़े बजट और ब्लॉकबस्टर फिल्मों से तुलना कर।
बता दें कि फिल्म ओ रोमियो में तृप्ति डिमरी, नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, तमन्ना भाटिया, दिशा पटानी, फरीदा जलाल और विक्रांत मैसी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, और इसे शाहिद कपूर द्वारा निभाए गए गैंगस्टर उस्तारा की कहानी के इर्द-गिर्द बुना गया है, जो तृप्ति की अफशा कुरैशी, यानी रानी शर्मा, को बदला दिलाने में मदद करता है। फिल्म का आधार हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वींस ऑफ मुंबई’ है।
क्या बोले हुसैन दलाल ?
छोटू के रोल में नजर आए हुसैन दलाल का कहना है कि फिल्म की तारीफ उसकी क्राफ्ट और कहानी के आधार पर होनी चाहिए, न कि केवल बॉक्स ऑफिस नंबर या पिछली बड़ी हिट फिल्मों से तुलना करके। उन्होंने बताया, “फिल्म को काफी पसंद किया गया है। हमने अपने मंडे टेस्ट में सफलता हासिल की। हर नई फिल्म की तुलना हमेशा पिछली ब्लॉकबस्टर से करना अजीब पैमाना है।”
हुसैन आगे कहते हैं कि समाज में सभी जॉनर की फिल्मों को स्थान मिलना चाहिए। “विशाल भारद्वाज पोएटिक ट्रेजेडी के मास्टर हैं। संजय लीला भंसाली इसे एक मैग्नम ओपस फिल्टर से पेश करते हैं, लेकिन कोई भी विशाल की तरह असली फिल्टर से पोएटिक ट्रेजेडी नहीं करता। फिल्म को इसके असली रंग और कहानी के आधार पर देखा जाना चाहिए, न कि सिर्फ बॉक्स ऑफिस या कमाई के आंकड़ों से।”
15 साल से इंडस्ट्री में राइटर और एक्टर के तौर पर काम करने वाले हुसैन का मानना है कि फिल्म को उसकी क्वालिटी के आधार पर समझा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “कुछ फिल्में क्राफ्ट के लिए होती हैं, कुछ क्वालिटी के लिए। मैं असल में फिल्म और जिस तरह से यह बनी है, उससे बहुत खुश हूं। धुरंधर और एनिमल जैसी फिल्मों से तुलना करना गलत होगा। लोगों का प्यार और सकारात्मक प्रतिक्रिया मेरे लिए असली सफलता है।”
धुरंधर-एनिमल जैसी तुलना सही नहीं
बातचीत के दौरान हुसैन दलाल ने स्पष्ट किया कि फिल्म ओ रोमियो से यह उम्मीद करना गलत होगा कि यह रणवीर सिंह की धुरंधर, रणबीर कपूर की एनिमल, या सनी देओल की बॉर्डर 2 जैसी बड़ी कमाई करेगी। हुसैन ने कहा कि दर्शकों को पहले से ही क्रेजी एक्शन फिल्म्स में खून-खराबा और हाई-एनर्जी की आदत है, लेकिन ‘ओ रोमियो’ उस तरह की फिल्म नहीं है। उन्होंने कहा “यह पूरी तरह स्टोरी-ड्रिवेन फिल्म है। इसमें लड़की चार लोगों का मर्डर करना चाहती है और इसके पीछे बड़ा प्लॉट है। शाहिद कपूर के लॉयल दोस्त छोटू का रोल कहानी में अहम मोड़ लाता है। इसमें कोई सिर्फ चिल्लाकर लोगों को मार नहीं रहा है। यह जॉनर पूरी तरह अलग है।”
हुसैन ने आगे कहा, “मुझे सभी तरह की फिल्में पसंद हैं, लेकिन धुरंधर, एनिमल या बॉर्डर 2 जैसी एक्सपेक्टेशन रखना सही नहीं है। अगर हम कम्पेरिजन से हटकर देखें तो यह फिल्म अपने तरीके से पूरी तरह सफल है।” गौरतलब है कि फिल्म को विशाल भारद्वाज ने लिखा और निर्देशित किया है, जबकि प्रोडक्शन नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के तहत साजिद नाडियाडवाला ने संभाला है।





