नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क । सोमवार को 79वें ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवॉर्ड्स भारतीय सिनेमा प्रेमियों के लिए कई मायनों में यादगार रहा। जहां एक ओर फिल्म बूंग ने बेस्ट चिल्ड्रन्स एंड फैमिली फिल्म का सम्मान अपने नाम किया, वहीं समारोह के दौरान दिवंगत दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को दी गई विशेष श्रद्धांजलि ने माहौल भावुक कर दिया। इस सम्मान को लेकर उनकी पत्नी और वरिष्ठ राजनेता हेमा मालिनी ने गहरी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर धर्मेंद्र को याद किया जाना उनके लिए बेहद “दिल को छू लेने वाला” क्षण है।
हेमा मालिनी बोलीं- “हर पल उनकी कमी खलती है”
फिल्म अवॉर्ड्स के दौरान हेमा मालिनी ने अपनी भावनाएं खुलकर साझा कीं। हेमा मालिनी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर धर्मेंद्र को याद किया जाना उनके लिए “दिल को छू लेने वाला” पल था। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र की लोकप्रियता सीमाओं से परे थी और दुनिया के कोने-कोने में उनके चाहने वाले मौजूद थे। विदेशों में उनके प्रति लोगों का उत्साह देखने लायक होता था। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों को साथ में अधिक समय बिताने का अवसर कम ही मिलता था, इसलिए वे अक्सर साथ में फिल्में स्वीकार करते थे, ताकि एक-दूसरे के करीब रह सकें। भावुक होते हुए हेमा मालिनी ने कहा “मुझे हर मिनट उनकी याद आती है। कई बार खुद से पूछती हूं, क्या वह सच में चले गए? उनसे दोबारा मुलाकात कब होगी?
इस वर्ष का समारोह भारत के लिए कई मायनों में खास रहा। आलिया भट्ट ने मंच पर हिंदी में पुरस्कार प्रदान कर सभी का ध्यान खींचा। वहीं फरहान अख्तर के निर्माण में बनी मणिपुरी फिल्म बूंग को बच्चों और पारिवारिक श्रेणी में श्रेष्ठ फिल्म का सम्मान मिला। स्मरण खंड में धर्मेंद्र के साथ अंतरराष्ट्रीय सिनेमा की कई प्रतिष्ठित हस्तियों को भी नमन किया गया, जिनमें डायने कीटन, टेरेंस स्टैम्प, कैथरीन ओ’हारा, रॉब रेनर, जीन हैकमैन, रॉबर्ट डुवैल, टॉम स्टॉपर्ड, ब्रिगिट बार्डोट, लालो शिफरीन, माइकल मैडसेन और वैल किल्मर शामिल रहे।
गौरतलब है कि नवंबर 2025 में दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराए जाने की खबर सामने आई, जिसके बाद उनके निधन की अफवाहें तेजी से फैलने लगीं। हालांकि, उनकी बेटी ईशा देओल और पत्नी हेमा मालिनी ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और वे घर लौट आए। लेकिन 24 नवंबर को मुंबई स्थित उनके आवास पर उनका निधन हो गया। इस खबर ने फिल्म जगत और देशभर के प्रशंसकों को गहरे सदमे में डाल दिया।
धर्मेंद्र अपने पीछे बड़ा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी दो पत्नियां प्रकाश कौर और हेमा मालिनी और छह बच्चे हैं, जिनमें सनी देओल, बॉबी देओल और ईशा देओल प्रमुख हैं। उनके निधन के बाद हेमा मालिनी और सनी देओल के परिवार के बीच मतभेद की चर्चाएं भी सामने आईं, लेकिन हेमा ने इन खबरों को निराधार बताया। इसी बीच ईशा देओल अपने सौतेले भाई सनी देओल की फिल्म बॉर्डर 2 की विशेष प्रदर्शनी में पहुंचीं और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं, जिससे परिवार की एकजुटता स्पष्ट हो गई।


.jpg)
